चम्बा नगर परिषद चुनाव में कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों का दबदबा, 06 सीटों पर जीत
चम्बा नगर परिषद चुनाव में कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों का दबदबा, 06 सीटों पर जीत
विधायक नीरज नैय्यर के आवास पर जश्न, विजयी पार्षदों का हुआ भव्य स्वागत
चम्बा : जितेन्द्र खन्ना /
नगर परिषद चंबा के चुनाव शांतिपूर्ण माहौल में सम्पन्न हो गए हैं। चुनाव परिणामों में कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों ने बढ़त बनाते हुए कुल 06 सीटों पर जीत दर्ज की, जबकि भाजपा समर्थित प्रत्याशियों को 05 सीटों पर सफलता मिली। नतीजे सामने आते ही दोनों दलों के समर्थकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
सुबह से ही मतदान को लेकर शहर में खासा उत्साह दिखाई दिया। मतगणना पूरी होने के बाद विजयी उम्मीदवारों के समर्थकों ने एक-दूसरे को मिठाइयां खिलाकर खुशी साझा की। कांग्रेस खेमे ने इस जीत को जनता के विश्वास और विकास की राजनीति की जीत बताया, जबकि भाजपा नेताओं ने भी अपने प्रदर्शन को संतोषजनक करार दिया।
प्रशासन की ओर से पूरी चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से सम्पन्न करवाई गई। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान और मतगणना का कार्य सफलतापूर्वक पूरा हुआ। अब नगर परिषद के गठन और अध्यक्ष पद को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज होने की संभावना है।
नगर परिषद चुनाव परिणाम घोषित होते ही जिला मुख्यालय चंबा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई। सदर विधायक नीरज नैय्यर के आवास पर जीत का भव्य जश्न मनाया गया, जहां कांग्रेस समर्थित विजयी पार्षदों का ढोल-नगाड़ों और फूल-मालाओं के साथ जोरदार स्वागत किया गया।
इस अवसर पर विधायक नीरज नैय्यर ने सभी विजयी पार्षदों को बधाई देते हुए कहा कि जनता ने विकास और जनसेवा की राजनीति पर भरोसा जताया है। उन्होंने कहा कि नगर परिषद में जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने के लिए सभी पार्षद मिलकर कार्य करेंगे और शहर के विकास को नई दिशा देंगे।
कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की और मिठाइयां बांटकर जीत का जश्न मनाया। विधायक आवास पर देर शाम तक उत्सव जैसा माहौल बना रहा और समर्थक ढोल की थाप पर झूमते नजर आए।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें