हिम आंचल पेंशनर संघ चम्बा ब्लॉक की मासिक बैठक का आयोजन लक्ष्मण क्लब में किया गया।
हिम आंचल पेंशनर संघ चम्बा ब्लॉक की मासिक बैठक का आयोजन लक्ष्मण क्लब में किया गया।
चंबा : जितेन्द्र खन्ना /
बैठक की अध्यक्षता ब्लॉक प्रधान प्रेम सिंह बेदी ने की। इस अवसर पर पेंशनरों ने अपनी विभिन्न समस्याओं और लंबित मांगों को लेकर विस्तृत चर्चा की और बढ़-चढ़कर अपने विचार सांझा किए। बैठक में उपस्थित सदस्यों ने हिमाचल सरकार के पेंशनर विरोधी रवैए पर गहरा रोष प्रकट किया। वक्ताओं ने कहा कि जब प्रदेश संयुक्त संघर्ष समिति के अध्यक्ष सुरेश ठाकुर व अन्य पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री से मुलाकात की थी, तो उन्होंने चतुर्थ श्रेणी पेंशनरों के बकाया वित्तीय लाभों को शीघ्र अदा करने का आश्वासन दिया था। इसी कड़ी में सरकार द्वारा हाल ही में 110 करोड़ रुपए जारी किए जाने के बाद अब लंबित देनदारियों का भुगतान होना शुरू हो गया है। इसके साथ ही जनवरी 2016 के बाद सेवानिवृत्त हुए पेंशनरों के बकाए में से 40 प्रतिशत का भुगतान जुलाई 2026 तक किए जाने का आश्वासन भी मिला है। पेंशनरों का कहना है कि अब देखना यह है कि इस विषय पर सरकार कब और कितनी आगे बढ़ती है। वक्ताओं ने कहा कि मुख्यमंत्री ने यह भी आश्वासन दिया था कि शीघ्र ही जेसीसी का गठन करके प्रदेश संयुक्त समिति व अन्य पदाधिकारियों को विस्तार से चर्चा के लिए बुलाया जाएगा, ताकि पेंशनरों की बकाया राशि का भुगतान किस तरह और कब किया जाए, इस पर निर्णय लिया जा सके। संघ ने उम्मीद जताई है कि सरकार जल्द ही इसके लिए संघ के मुखिया व कार्यकारिणी को आमंत्रित करेगी। इसके साथ ही पेंशनरों ने महंगाई भत्ते की किस्तों को लेकर प्रदेश सरकार की कार्यप्रणाली पर कड़ा ऐतराज जताया। उन्होंने कहा कि हिमाचल सरकार द्वारा 15 प्रतिशत महंगाई भत्ता न दिए जाने के कारण हर पेंशनर को प्रति माह 5 से 6 हजार रुपये और सालाना 50 से 60 हजार रुपये का भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। जहां एक ओर केंद्रीय कर्मचारी और पेंशनभोगी हर महीने 60 प्रतिशत की दर से महंगाई भत्ता ले रहे हैं, वहीं हिमाचल प्रदेश सरकार के पेंशनर व कर्मचारी लंबे समय से मात्र 45 प्रतिशत पर ही अटके हुए हैं, जो कि सरकार के नकारात्मक भाव को दर्शाता है। बैठक में चिकित्सा प्रतिपूर्ति बिलों के भुगतान का मामला भी प्रमुखता से उठा। साथ ही बैठक में चम्बा के ऐतिहासिक चौगान मैदान की बदहाली पर भी चिंता व्यक्त की गई। बैठक में मुश्ताक, जीवन कुमार, देवी प्रसाद, बाल कृष्ण, सोखिया राम, सुबोध प्रसाद, परस राम, सुभाष यादव, बलीराम, पुन्नू राम, ठाकुर सिंह, प्रकाश चन्द, कुलदीप अहीर, पवन बेदी, चन्द्र प्रकाश, राकेश सिंह, कमल नाथ और संघ के महासचिव शिव चरण चंद्रा सहित भारी संख्या में पेंशनर उपस्थित रहे।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें