पालमपुर में एमएसएमई एवं स्वयं सहायता समूहों के लिए डिजिटल साक्षरता, ब्रांड निर्माण एवं जीईएम पोर्टल पर जागरूकता कार्यशाला आयोजित

पालमपुर में एमएसएमई एवं स्वयं सहायता समूहों के लिए डिजिटल साक्षरता, ब्रांड निर्माण एवं जीईएम पोर्टल पर जागरूकता कार्यशाला आयोजित


पालमपुर

उद्योग विभाग द्वारा सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय (एमएसएमई मंत्रालय) के राइजिंग एंड एक्सेलेरेटिंग एमएसएमई परफॉर्मेंस (रैम्प) कार्यक्रम के अंतर्गत आज कांगड़ा जिले के पालमपुर स्थित राजस्व सभागार (रेवेन्यू हॉल), एसडीएम कार्यालय में एक दिवसीय जागरूकता कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य एमएसएमई इकाइयों एवं स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) को डिजिटल साक्षरता, ब्रांड निर्माण तथा गवर्नमेंट ई-मार्केटप्लेस (जीईएम) के माध्यम से सरकारी खरीद प्रणाली से जोड़ना था।


कार्यशाला में 30 से अधिक एमएसएमई एवं स्वयं सहायता समूहों के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इनमें पालमपुर क्षेत्र की महिला उद्यमियों एवं सूक्ष्म उद्यमियों की उल्लेखनीय सहभागिता रही। कार्यक्रम को तीन तकनीकी सत्रों में आयोजित किया गया।


प्रथम एवं द्वितीय सत्र में प्रशिक्षक शुभम जमवाल ने डिजिटल साक्षरता एवं ब्रांड निर्माण विषय पर विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने प्रतिभागियों को बताया कि वर्तमान डिजिटल युग में छोटे व्यवसाय व्हाट्सऐप बिजनेस, सोशल मीडिया, यूपीआई भुगतान प्रणाली तथा ऑनलाइन विपणन उपकरणों का उपयोग करके अपनी बाजार पहचान को मजबूत बना सकते हैं। उन्होंने उत्पाद पैकेजिंग, ब्रांड स्टोरीटेलिंग, ग्राहकों का विश्वास अर्जित करने तथा स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय एवं वैश्विक बाजारों तक पहुंचाने की व्यावहारिक रणनीतियों पर भी प्रकाश डाला। इसके अतिरिक्त वित्तीय अनुशासन, अभिलेख संधारण तथा विभिन्न सरकारी ऋण योजनाओं की जानकारी भी साझा की गई।


तृतीय सत्र में अमित कुमार ने जीईएम पोर्टल के सीपीपी मॉड्यूल पर विस्तृत प्रशिक्षण प्रदान किया। उन्होंने बताया कि जीईएम पोर्टल पर पंजीकरण के माध्यम से स्वयं सहायता समूह, एमएसएमई इकाइयां एवं स्टार्टअप सीधे सरकारी विभागों को अपने उत्पाद एवं सेवाएं उपलब्ध करा सकते हैं। इससे उन्हें पारदर्शी प्रक्रिया, समयबद्ध भुगतान तथा देशभर में व्यापक बाजार उपलब्ध होता है।


कार्यशाला के दौरान प्रतिभागियों के लिए ऑन-द-स्पॉट जीईएम पंजीकरण एवं ऑनबोर्डिंग सुविधा भी उपलब्ध करवाई गई। कई महिला उद्यमियों एवं स्वयं सहायता समूहों के सदस्यों ने मौके पर ही विक्रेता प्रोफाइल बनाकर अपना पंजीकरण पूर्ण किया। तकनीकी टीम द्वारा पंजीकरण प्रक्रिया में आने वाली विभिन्न समस्याओं का समाधान भी किया गया।


कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महाप्रबंधक (जीएम) ओम प्रकाश जार्याल ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि रैम्प कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित ऐसी क्षेत्रीय कार्यशालाएं ग्रामीण उद्यमियों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने का एक सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने मुद्रा ऋण योजना, स्टैंड-अप इंडिया, क्रेडिट गारंटी योजना तथा विपणन सहायता जैसी विभिन्न योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर बल दिया।


उन्होंने कहा कि डिजिटल साक्षरता, प्रभावी ब्रांड निर्माण तथा जीईएम पोर्टल से जुड़कर स्थानीय उत्पाद न केवल हिमाचल प्रदेश बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी विशिष्ट पहचान बना सकते हैं। उन्होंने उद्यमियों को नियमित अभिलेख संधारण, डिजिटल भुगतान को अपनाने तथा उत्पादों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी। साथ ही उन्होंने प्रतिभागियों से आह्वान किया कि वे इस प्रशिक्षण से प्राप्त जानकारी को अन्य उद्यमियों एवं स्वयं सहायता समूहों तक भी पहुंचाएं, ताकि अधिक से अधिक लोग इन योजनाओं का लाभ उठा सकें।


इस अवसर पर सेवानिवृत्त प्रबंधक सुभाष कुमार तथा विस्तार अधिकारी हरदीप सिंह भी उपस्थित रहे। कार्यशाला का समन्वय अकांक्षा शर्मा, सलाहकार (रैम्प) द्वारा किया गया।


कार्यक्रम के समापन पर प्रतिभागियों ने कहा कि इस प्रशिक्षण से उन्हें अपने व्यवसाय को डिजिटल माध्यमों से आगे बढ़ाने तथा सरकारी खरीद प्रक्रिया में भागीदारी सुनिश्चित करने का स्पष्ट मार्गदर्शन प्राप्त हुआ है।


रैम्प टीम, कांगड़ा ने विश्वास व्यक्त किया कि पालमपुर क्षेत्र की महिला उद्यमी एवं स्वयं सहायता समूह इस प्रशिक्षण का लाभ उठाकर आर्थिक रूप से और अधिक सशक्त बनेंगे तथा जिले में एमएसएमई क्षेत्र के विकास को नई गति प्रदान करेंगे।

टिप्पणियाँ

खबर को दोस्तों के साथ साझा करें:


हिमाचल मीडिया से जुड़ें:

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

10वीं ,12वीं ,ग्रेजुएट इच्छुक आवेदक करें आवेदन

सरकार बदलते ही सरकारी स्कूलों में बैग आबंटन पर रोक लगा दी

नशीले पदार्थों पर टैक्स में वृद्धि करने की मांग को लेकर उपायुक्त चम्बा डीसी राणा के माध्यम से केंद्रीय वित्त मंत्री को ज्ञापन प्रेषित किया

कांगड़ा में भारी बारिश का रेड अलर्ट, कल सभी शिक्षण संस्थान बंद रहेंगे

भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट: कांगड़ा जिला में कल बंद रहेंगे स्कूल-कॉलेज

90-90 मीटर के छक्के लगा रहे वैभव सूर्यवंशी, लगा ये सनसनीखेज आरोप

चंबा में सदवां के ट्रैक्टर मैकेनिक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत

हरसर देहरी की लड़की ने हाड़ा में खुद की वीडियो पर लिया यूं टर्न,कहा डिप्रेशन में बनाई थी वीडियो

वजीर राम सिंह राजकीय महाविद्यालय देहरी में लगी आग

भारी बारिश के बीच हिमाचल में उच्च शिक्षा संस्थान बंद, ऑनलाइन कक्षाओं पर जोर