राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष्य पर चम्बा में मैराथन का आयोजन किया गया
राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष्य पर आयोजित होने वाली विभिन्न गतिविधियों की शृंखला में बुधवार को जिला मुख्यालय चम्बा में मैराथन का आयोजन किया गया।
( चम्बा : जितेन्द्र खन्ना )
चम्बा : मिलेनियम गेट चम्बा से जिला युवा सेवाएं एवं खेल अधिकारी चम्बा रूपेश कुमार ने प्रतिभागियों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। प्रतिभागी मिलेनियम गेट से भरमौर चौक, हरदासपुरा और शनि मंदिर पहुंचने के बाद वापिस मिलेनियम गेट पहुंचे जहां मैराथन का समापन हुआ। मैराथन में जिला चम्बा के 50 से अधिक प्रतिभागियों ने दमखम दिखाया। पुरुष वर्ग में अमित कुमार ने पहला, नरसिंह ने दूसरा और यूसुफ ने तीसरा स्थान हासिल किया। महिला वर्ग में शानू पहले, प्रिया दूसरे और सलीमा तीसरे स्थान पर रही। मैराथन के समापन मौके पर जिला युवा सेवाएं एवं खेल अधिकारी रूपेश कुमार ने प्रतिभागियों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि चम्बा के युवा हमेशा से खेलों में आगे रहे हैं। खेलों में भाग लेने से अनुशासन की भावना को बल मिलता है। खेल गतिविधियों से जहां प्रतिभागी एक दूसरे का सम्मान करना सीखते हैं वहीं शारीरिक व मानसिक तौर पर भी मजबूत बनते हैं। शिक्षा के साथ-साथ खेलों का महत्व भी बढ़ा है तथा खेलों के माध्यम से भी बच्चे अपना बेहतरीन भविष्य बना रहे हैं। उन्होंने बच्चों से खेलकूद गतिविधियों में बढ़चढ़ कर भाग लेने तथा खेलों के माध्यम से अपने क्षेत्र, जिला, प्रदेश व देश का नाम रोशन करने का आहवान भी किया। इस दौरान उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने का आग्रह भी किया। उन्होंने बताया कि गुरुवार को चम्बा के ऐतिहासिक चौगान में हॉकी प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जाएगा।
कोई टिप्पणी नहीं