हिमाचल परिवहन तकनीकी कर्मचारी संगठन का स्थापना दिवस समारोह चम्बा में आयोजित - Smachar

Header Ads

Breaking News

हिमाचल परिवहन तकनीकी कर्मचारी संगठन का स्थापना दिवस समारोह चम्बा में आयोजित

हिमाचल परिवहन तकनीकी कर्मचारी संगठन का स्थापना दिवस समारोह चम्बा में आयोजित

चंबा समाचार

चंबा(जितेंद्र खन्ना):-  हिमाचल परिवहन तकनीकी कर्मचारी संगठन का स्थापना दिवस समारोह दिनांक 23-03-2025 को परिवहन निगम कार्यशाला चम्बा में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि तकनीकी संगठन के उपाध्यक्ष व सेवानिवृत्त कर्मचारी श्री कुलदीप जी उपस्थित हुए। 

इस अवसर पर परिवहन तकनीकी कर्मचारी संगठन की बैठक भी आयोजित की गई जिसकी अध्यक्षता संगठन के राज्य प्रधान खेम चंद व महासचिव एच०के०शर्मा ने की।  समारोह में तकनीकी संगठन अध्यक्ष मण्डल एवं सेवानिवृत सदस्यगण तथा तकनीकी संगठन की सभी प्रदेश इकाइयों के पदाधिकारी व पीस-मील कर्मचारी शामिल हुए। समारोह के मुख्य अतिथि श्री कुलदीप जी ने संगठन का झण्डा फहरा कर समारोह का शुभारम्भ किया।

संगठन के राज्य प्रधान श्री खेम चंद ने निगम में कार्यरत तकनीकी कर्मचारियों की वर्तमान समस्याओं बारे में अपने संबोधन में सभी को अवगत करवाया। उन्होने कर्मशालाओं की दुर्दशा, स्टाफ की कमी व टेक्निकल स्केल का लाभ तकनीकी कर्मचारियों को न देना, पीस-मील कर्मचारियों को आश्वासन के बावजूद अनुबन्ध पर न लाना, कर्मशालाओं में स्वास्थ्य तथा सुरक्षा के प्रावधानों का नदारद होना, आधुनिक टूल व मशीनरी का न होना आदि समस्याओं पर सभी कर्मचारियों को अवगत करवाया। 

उन्होने कहा कि निगम प्रबंधन तकनीकी कर्मचारियों की उक्त समस्याओं बारे लंबे समय से उदासीन है जिस कारण आज तकनीकी कर्मचारी सरकारी शोषण का शिकार हो रहे हैं। श्री खेम चंद ने निगम के तकनीकी कर्मचारियों की उपरोक्त समस्याओं के तुरंत समाधान की आवश्यकता पर बल दिया। 

संगठन के महासचिव एच०के०शर्मा ने कहा कि निगम में 1996 के बाद तकनीकी कर्मचारियों की 2012 में छुटपुट भर्ती हुई जबकि इससे कहीं अधिक संख्या में स्टाफ सेवानिवृत हो चुका है तथा बस बेड़े में बढ़ौतरी हुई है। 1996 में जहां निगम में केवल 1700 बसों का बेड़ा था तब तकनीकी स्टाफ की संख्या 2200 थी आज यह बढ़ कर 3200 हो चुका है और तकनीकी कर्मचारियों की संख्या केवल 1100 रह गई है। 

यही नहीं JnNURM के अंतर्गत 800 बसों और निगम में ई-बसों के संचालन का जिम्मा भी इन्हीं कर्मचारियों के ऊपर है। बेड़े में वृद्धि के साथ स्टाफ की संख्या में भी वृद्धि होनी चाहिए थी। एच० के०शर्मा ने कहा कि परिवहन निगम के नए डिपो तो खोले गये है परन्तु उनको चलाने के लिए अतिरिक्त स्टाफ की मंजूरी आजतक नहीं ली। पहले ही कार्य के बोझ तले दबा स्टाफ इस अतिरिक्त बोझ को कैसे हांकेगा?

कर्मशालाओं की जर्जर स्थिति ब्यान करती है कि उसमें काम करने वाले तकनीशियनों को धूल, धूप, मिट्टी, कीचड़, वर्षा, सर्दी, गर्मी आदि से बचाने की कोई व्यवस्था नहीं है। कर्मशालाओं में हवा, पानी, मिट्टी तथा शोर का प्रदूषण अत्यधिक बढ़ गया है जिसके नियंत्रण हेतु कोई भी विभागीय कदम नहीं उठाए जा रहे।

संगठन द्वारा निगम प्रबन्धन व परिवहन मंत्री से मांग की गई कि कर्मशालाओं की दुर्दशा में सुधार के लिए एक समयबद्ध कार्ययोजना स्वीकृत की जाए। कर्मशालाओं में निर्धारित नोर्म के अनुसार तकनीकी स्टाफ की भर्ती केवल अनुबंध आधार पर की जाए, पीसमील कर्मचारियों को एकमुश्त अनुबंध में लिया जाये। 

कर्मशालाओं में आधुनिक टूल्स व मशीनरी उपलब्ध करवाई जाए, भर्ती व पदोन्नति नियमो में संशोधन किया जाए, तकनीकी कर्मचारियों को टेक्निकल स्केल तथा 4-9-14 एसीपी योजना का लाभ दिया जाए। तकनीकी वर्ग की ग्रेड पे में वेतन विसंगतियों को दूर किया जाए, समय पर सही स्तर के कलपुर्ज़े उपलब्ध करवाए जाए। 

संगठन के उपाध्यक्ष विवेक गुलेरिया ने संगठन के स्थापना दिवस समारोह में शामिल होने के लिए सभी कर्मचारियों का धन्यवाद किया तथा सभी तकनीकी कर्मचारियों से निष्ठा व लगन से निगम की सेवा करने का आह्वान किया।

कोई टिप्पणी नहीं