बैजनाथ में विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन
बैजनाथ में विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन
बैजनाथ
उपमंडल बैजनाथ के बचत भवन में आज विधिक साक्षरता शिविर का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य आम जनता के बीच कानूनी जागरूकता फैलाना और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को बढ़ावा देना था। कार्यक्रम के दौरान मुख्य रूप से तीन विषयों पर ध्यान केंद्रित किया गया, जिनमें नशामुक्त समाज - भारत का संकल्प, पर्यावरण संरक्षण - ग्रह बचाओ और आपदा पीड़ितों का पुनर्वास शामिल रहे।
शिविर में सिविल जज मृदुला शर्मा विशेष रुप से उपस्थित रही।
यहां लोगों को संबोधित करते हुए सिविल जज मृदुला शर्मा ने कहा कि न्याय पाना हर नागरिक का संवैधानिक अधिकार है और आर्थिक स्थिति केे कारण किसी भी नागरिक को न्याय से वंचित नहीं रखा जा सकता। उन्होंने कहा कि समाज के गरीब व असहाय लोगों को सुलभ व समयबद्व न्याय प्रदान करने के उद्देश्य से राज्य में विधिक सेवा प्राधिकरण की स्थापना की गई है। उन्होंने कहा कि प्राधिकरण आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों, अनुसूचित जाति,अनुसूचित जनजाति, महिलाओं,दिव्यांगजनों तथा अन्य पात्र जरूरतमंद लोगों को नि:शुल्क न्याय की व्यवस्था प्रदान करता है।
उन्होंने कहा कि लोगों को उनके अधिकारों तथा कर्तव्यों के प्रति जागरूक करने के लिये समय समय पर पंचायत स्तर तक विधिक साक्षरता शिविरों का आयोजन किया जा रहा है।
अधिवक्ता पंकज कुमार ने नशामुक्त समाज के निर्माण को लेकर भारत का संकल्प संदेश दिया गया। उन्होंने कहा गया कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज तीनों के लिए घातक है। युवाओं को नशे से दूर रखकर शिक्षा, खेल और सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना आवश्यक है। नशामुक्त भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए समाज के हर वर्ग को जागरूक होकर मिलकर प्रयास करने होंगे, तभी एक स्वस्थ, सशक्त और प्रगतिशील राष्ट्र का निर्माण संभव है।
अधिवक्ता शगुन शर्मा ने पर्यावरण संरक्षण - ग्रह बचाओ को लेकर संदेश देते हुए आमजन से अपील की गई कि प्रकृति के संरक्षण के लिए सभी को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और प्राकृतिक संसाधनों के अंधाधुंध दोहन से पृथ्वी पर गंभीर संकट उत्पन्न हो रहा है। ऐसे में वृक्षारोपण, जल संरक्षण, प्लास्टिक का कम उपयोग तथा स्वच्छ ऊर्जा को अपनाना समय की आवश्यकता है। पर्यावरण को सुरक्षित रखकर ही आने वाली पीढ़ियों के लिए एक स्वस्थ और सुरक्षित भविष्य सुनिश्चित किया जा सकता है।
अधिवक्ता अन्ताश पराशर ने आपदा पीड़ितों के पुनर्वास से संबंधित जानकारी दी। उन्होने प्रभावित परिवारों को पुनर्वास, मुआवजा, सरकारी सहायता योजनाओं एवं उनके कानूनी अधिकारों की विस्तृत जानकारी दी। शिविर का उद्देश्य आपदा पीड़ितों को सशक्त बनाते हुए उन्हें समय पर न्याय एवं पुनर्वास सुनिश्चित करना रहा।
इस अवसर पर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, बैजनाथ के छात्रों ने नशे के बारे में नाटक प्रस्तुत किया।


कोई टिप्पणी नहीं