किराये के कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत मिला वानिकी महाविद्यालय का छात्र, जांच में जुटी पुलिस
किराये के कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत मिला वानिकी महाविद्यालय का छात्र, जांच में जुटी पुलिस
गोहर : अजय सूर्या /
गोहर उपमंडल के नेहरा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत गणई में शनिवार सुबह एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान 25 वर्षीय देवन ठाकुर पुत्र कुलदीप ठाकुर निवासी गांव सुंगल, तहसील पालमपुर, जिला कांगड़ा के रूप में हुई है। देवन ठाकुर औद्योगिकी एवं वानिकी महाविद्यालय थुनाग (गुड़ाहरी), गोहर में अंतिम वर्ष का छात्र था।
जानकारी के अनुसार देवन ठाकुर फरवरी माह से गणई में एक निजी मकान में किराये पर अकेला रह रहा था। शनिवार सुबह उसकी माता ने मकान मालिक को फोन कर बताया कि उनका बेटा फोन नहीं उठा रहा है तथा कमरे में जाकर उसकी कुशलक्षेम जानने का आग्रह किया। जब मकान मालिक कमरे तक पहुंचा और दरवाजा खटखटाया तो अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। दरवाजा अंदर से बंद था। बाद में दरवाजे को जोर से धक्का देने पर वह खुल गया, जहां युवक कमरे में मृत अवस्था में पाया गया।
घटना की सूचना तुरंत गोहर पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी। वहीं परिजनों को भी घटना की जानकारी दी गई। औद्योगिकी एवं वानिकी महाविद्यालय के डीन डॉ. पी.एल. शर्मा सहित अन्य स्टाफ सदस्य भी मौके पर पहुंचे।
पुलिस की प्रारंभिक जांच के दौरान कमरे से कुछ इंजेक्शन और संदिग्ध दवाइयां मिलने की जानकारी सामने आई है। पुलिस ने इन्हें कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। हालांकि अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अभी मौत के कारणों को लेकर कोई निष्कर्ष नहीं निकाला जा सकता और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
मृतक देवन ठाकुर अपने परिवार का इकलौता बेटा था। उसकी एक बहन है, जिसकी शादी हो चुकी है। बेटे की असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और परिजन गहरे सदमे में हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नेरचौक मेडिकल कॉलेज भेज दिया है।
पुलिस अधीक्षक मंडी विनोद कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। घटना से पूरे क्षेत्र और महाविद्यालय में शोक की लहर है।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें