चंद्रलोक कॉलोनी में नाले की समस्या का समाधान, कॉलोनीवासियों ने नगर निगम का जताया आभार
चंद्रलोक कॉलोनी में नाले की समस्या का समाधान, कॉलोनीवासियों ने नगर निगम का जताया आभार
ऊना नगर निगम ऊना द्वारा हाल ही में चलाए जा रहे विशेष डीसिल्टिंग एवं सफ़ाई अभियान का असर अब ज़मीनी स्तर पर दिखाई देने लगा है। शहर की कई कॉलोनियों और वार्ड क्षेत्रों में जहाँ बरसात के दिनों में जलभराव और गंदगी की समस्या आम हो जाती थी, वहीं अब इस अभियान के चलते स्थिति में सुधार दर्ज किया जा रहा है।
इसी कड़ी में भड़ोलियां-चंद्रलोक कॉलोनी के नाले की पुरानी समस्या का समाधान निगम प्रशासन ने कर दिया है। बरसात के समय हर साल यह नाला ओवरफ्लो होकर जलभराव और दुर्गंध की समस्या खड़ी करता था। स्थानीय निवासियों को इससे भारी दिक्कतें पेश आती थीं। लेकिन नगर निगम के त्वरित हस्तक्षेप से अब यह समस्या समाप्त हो गई है।
समस्या के समाधान पर कॉलोनी की रेज़ीडेंट वेलफेयर एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने सोमवार को नगर निगम आयुक्त एवं अतिरिक्त उपायुक्त महेंद्र पाल गुर्जर को बाकायदा ज्ञापन सौंपकर धन्यवाद प्रकट किया। ज्ञापन सौंपने वालों में अनूप राणा, अंशुल, जोगिंदर सिंह और के.के. सहगल शामिल रहे।
कॉलोनीवासियों ने निगम प्रशासन की त्वरित कार्यवाही और सक्रियता की सराहना करते हुए कहा कि इस कदम से उन्हें बरसात के दिनों में जलभराव और गंदगी की समस्या से बड़ी राहत मिली है। उन्होंने उम्मीद जताई कि नगर निगम द्वारा चलाया जा रहा यह विशेष सफ़ाई एवं डीसिल्टिंग अभियान शहर की अन्य कॉलोनियों और प्रभावित इलाकों की समस्याओं के समाधान में भी निर्णायक साबित होगा।
नगर निगम आयुक्त महेंद्र पाल गुर्जर ने इस मौके पर कहा कि नगर निगम की प्राथमिकता जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान करना है। उन्होंने बताया कि सभी वार्ड क्षेत्रों में चरणबद्ध तरीके से नालों की सफाई और डीसिल्टिंग कार्य चल रहा है, ताकि बारिश के मौसम में किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो। उन्होंने नागरिकों से भी अपील की कि नालों और सार्वजनिक स्थानों में कूड़ा न डालें और स्वच्छता अभियान में निगम का सहयोग करें।
नगर निगम ऊना की यह पहल न केवल चंद्रलोक कॉलोनी बल्कि पूरे शहरवासियों के लिए राहत भरी साबित हो रही है। उम्मीद जताई जा रही है कि इस विशेष अभियान से शहर को दीर्घकालिक स्वच्छता और जलभराव से मुक्ति मिलेगी।
कोई टिप्पणी नहीं