लाहौल-स्पीति में जनजातीय मेला 2025 का भव्य आगाज
लाहौल-स्पीति में जनजातीय मेला 2025 का भव्य आगाज — हिमाचल का पहला शून्य अपशिष्ट मेला, संस्कृति व पर्यावरण संरक्षण का संगम
लाहौल-स्पीति जिला मुख्यालय केलांग में आज से तीन दिवसीय जनजातीय मेला 2025 का शुभारंभ पारंपरिक धूमधाम और रंगारंग सांस्कृतिक शोभायात्रा के साथ हुआ। यह मेला हिमाचल प्रदेश का पहला पर्यावरण-मित्र, शून्य अपशिष्ट (Zero-Waste) मेला है, जो पारंपरिक सांस्कृतिक धरोहर के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण का सशक्त संदेश भी दे रहा है।
उद्घाटन समारोह में नगर एवं ग्राम नियोजन मंत्री श्री राजेश धर्माणी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने पारंपरिक वेशभूषा में शोभायात्रा में भाग लिया, जो शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई पुलिस ग्राउंड पहुंची। यहां शोभायात्रा के समापन के बाद पारंपरिक महा नाटी का आयोजन हुआ, जिसमें मुख्य अतिथि समेत जिला के सभी अधिकारी, महिला मंडल, युवा मंडल और आम जन ने एक साथ नृत्य कर एकता और उत्सव का शानदार उदाहरण पेश किया।
समारोह का शुभारंभ स्थानीय मठ के लामा द्वारा पूजा-अर्चना के साथ हुआ, जिसके बाद मुख्य अतिथि राजेश धर्माणी और उपायुक्त किरण भड़ाना ने दीप प्रज्वलित कर मेले का औपचारिक उद्घाटन किया। इस अवसर पर जिला परिषद अध्यक्ष वीना देवी, एसडीएम आकांक्षा शर्मा, सहायक आयुक्त कल्याणी तिवाना, जिला परिषद सदस्यगण, लाहौल और कुल्लू के एपीएमसी सदस्य अनिल सेहगल, पूर्व डीसीसी प्रमुख ग्याल्सन ठाकुर, महिला मंडल की सदस्याएं, प्रशासनिक अधिकारी, कर्मचारी, बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और पर्यटक मौजूद रहे।
मेले को पर्यावरण-मित्र बनाने के लिए प्रशासन ने कई विशेष कदम उठाए हैं — प्लास्टिक बोतल व डिस्पोजेबल बर्तनों पर पूरी तरह प्रतिबंध, बायोडिग्रेडेबल सामग्री का उपयोग, कचरे का पृथक्करण और सतत स्वच्छता अभियान। स्थानीय एनजीओ और प्रशासनिक अधिकारी इस अभियान को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
14 से 16 अगस्त 2025 तक चलने वाले इस मेले में स्थानीय कला, लोकसंगीत, नृत्य, पारंपरिक खेल, जनजातीय व्यंजन और हस्तशिल्प का भरपूर प्रदर्शन होगा। पर्यटक और स्थानीय लोग यहां न केवल लाहौल-स्पीति की समृद्ध संस्कृति से रूबरू होंगे, बल्कि पर्यावरण संरक्षण के महत्व को भी करीब से अनुभव कर पाएंगे।
यह मेला जहां एक ओर पीढ़ियों से चली आ रही जनजातीय परंपराओं को जीवंत कर रहा है, वहीं दूसरी ओर आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और टिकाऊ भविष्य का मार्ग भी प्रशस्त कर रहा है।
कोई टिप्पणी नहीं