कृष्ण जन्माष्टमी स्नान महोत्सव मणिमहेश झील में सम्पन्न, खराब मौसम से यात्रियों की संख्या में आई कमी - Smachar

Header Ads

Breaking News

कृष्ण जन्माष्टमी स्नान महोत्सव मणिमहेश झील में सम्पन्न, खराब मौसम से यात्रियों की संख्या में आई कमी

 कृष्ण जन्माष्टमी स्नान महोत्सव मणिमहेश झील में सम्पन्न, खराब मौसम से यात्रियों की संख्या में आई कमी


भरमौर : जितेन्द्र खन्ना /

कृष्ण जन्माष्टमी पर्व के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाला मणिमहेश झील स्नान महोत्सव शुक्रवार रात ग्यारह बजे से विधिवत रूप से आरंभ हुआ था, जो शनिवार दोपहर बाद विधिवत सम्पन्न हो गया। इस दौरान हजारों श्रद्धालुओं ने पवित्र डल झील में स्नान कर भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त किया।

भरमौर से आगे और हड़सर से ऊपर के क्षेत्र में शुक्रवार रात से ही श्रद्धालुओं का आना-जाना लगातार बना रहा। अनुमान लगाया जा रहा है कि पन्द्रह से बीस हजार तक यात्री डल झील में डुबकी लगाने पहुंचे। इनमें से बड़ी संख्या में श्रद्धालु स्नान करने के बाद वापसी भी कर चुके हैं। अब तक हजारों शिव भक्त मणिमहेश की पवित्र डल झील में स्नान कर चुके हैं।

हालांकि, इस बार यात्रा में भाग लेने वालों की संख्या पिछले वर्ष की तुलना में काफी कम रही। इसका मुख्य कारण मौसम की प्रतिकूलता और खराब हुए रास्ते बताए जा रहे हैं। लगातार भारी बरसात से जगह-जगह भूस्खलन और मार्ग क्षतिग्रस्त होने के चलते श्रद्धालुओं को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग द्वारा आने वाले दिनों में भी खराब मौसम की संभावना जताई गई है, जिसका सीधा असर यात्रा पर पड़ रहा है।

जानकारों का कहना है कि इस बार अनुमान लगाया जा रहा था कि जो श्रद्धालु अमरनाथ यात्रा में शामिल नहीं हो पाए, वे मणिमहेश यात्रा की ओर रुख करेंगे। लेकिन लगातार बारिश और दुर्गम रास्तों के चलते अपेक्षित संख्या में श्रद्धालु भरमौर नहीं पहुंच पाए।

गौरतलब है कि भरमौर प्रशासन ने इस बार यात्रियों के लिए गत वर्षों की तुलना में बेहतर सुविधाओं का प्रबंध किया है। स्वास्थ्य, पेयजल, बिजली, परिवहन और सुरक्षा की दृष्टि से व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया गया है। लेकिन हड़सर से धनछो तक का रास्ता बरसात में बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था, जिसे प्रशासन को लगभग नए सिरे से बनाना पड़ा।

फिलहाल मौसम की स्थिति को देखते हुए प्रशासन और स्थानीय लोग यात्रियों से सावधानी बरतने और समूह में यात्रा करने की अपील कर रहे हैं।

कोई टिप्पणी नहीं