हिमाचल प्रदेश में भाजपा का मजबूत संगठन, विधानसभा चुनावों के लिए पूरी तरह तैयार : सौदान सिंह
हिमाचल प्रदेश में भाजपा का मजबूत संगठन, विधानसभा चुनावों के लिए पूरी तरह तैयार : सौदान सिंह
130वाँ संविधान संशोधन राजनीति में लाएगा नैतिकता और सुशासन, विपक्ष पर भी बोला हमला
ऊना
भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह ने ऊना में आयोजित संगठनात्मक कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश में भाजपा का संगठन बेहद मजबूत, अभेद्य और आगामी विधानसभा चुनावों के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत और संगठन की एकजुटता के दम पर भाजपा 2027 के विधानसभा चुनावों में विजय हासिल करेगी।
संगठन की मजबूती का ब्योरा
सौदान सिंह ने बताया कि भाजपा ने हाल के वर्षों में संगठन को गांव-गांव तक मजबूत किया है।
जिला कार्यसमितियों की बात करें तो प्रदेश के 17 जिलों में कुल 874 सदस्य हैं, जिनमें 358 महिलाएं और 258 अनुसूचित जाति, जनजाति एवं ओबीसी वर्ग से हैं।
मंडल स्तर पर पहले भाजपा के पास 74 मंडल थे, जो अब बढ़कर 171 हो गए हैं। इनमें कुल 7587 सदस्य हैं, जिनमें 2569 महिलाएं और 3532 अनुसूचित जाति, जनजाति एवं ओबीसी से जुड़े कार्यकर्ता शामिल हैं।
प्रदेश के 8007 बूथों में से भाजपा ने 7870 बूथों पर 11 सदस्यीय समितियां गठित कर दी हैं।
बूथ स्तर पर भाजपा के सक्रिय कार्यकर्ताओं की संख्या 89,646 तक पहुंच गई है।
उन्होंने कहा कि यह मजबूत संगठन ही भाजपा की ताकत है, और आने वाले चुनावों में यह संगठन ही भाजपा की जीत का आधार बनेगा।
2027 चुनाव पर फोकस
भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनावों में भाजपा के कार्यकर्ता 68 विधानसभा क्षेत्रों के हर बूथ पर पार्टी को मजबूत करेंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे संगठन की रीढ़ बनकर जनता के बीच जाएं और भाजपा की नीतियों को घर-घर तक पहुंचाएं।
130वाँ संविधान संशोधन पर बोले
सौदान सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में लाया गया 130वाँ संविधान संशोधन राजनीति में नैतिकता और सुशासन को नई मजबूती देगा।
इस संशोधन के तहत यदि कोई प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री या मंत्री किसी गंभीर अपराध में 30 दिन से अधिक जेल में रहता है और उसे राहत नहीं मिलती, तो उसे पद छोड़ना पड़ेगा। यह प्रावधान भ्रष्टाचार और राजनीति के अपराधीकरण को समाप्त करने का एक प्रभावी हथियार है।
विपक्ष पर तीखा हमला
सौदान सिंह ने कांग्रेस, आम आदमी पार्टी और अन्य विपक्षी दलों पर करारा प्रहार करते हुए कहा कि जब पूरा देश इस ऐतिहासिक पहल का स्वागत कर रहा है, तब विपक्ष इस विधेयक का विरोध कर रहा है।
उन्होंने कहा कि विपक्ष का यह रवैया बताता है कि वे "बहिष्कार ब्रिगेड" और "भ्रष्टाचार के संरक्षक" की भूमिका निभा रहे हैं।
सौदान सिंह ने कहा – “यह लोकतंत्र की रक्षा नहीं, बल्कि अपने परिवार और सत्ता को बचाने की राजनीति है। कांग्रेस की निर्लज्ज राजनीति और मोदी जी की नैतिक राजनीति में यही बड़ा फर्क है। विपक्ष को साफ करना होगा कि वे नैतिकता के साथ खड़े हैं या निर्लज्जता के साथ।”
कोई टिप्पणी नहीं