जोधपुर: व्याख्याता संजू बिश्नोई ने मासूम बेटी संग लगाई आग, दोनों की दर्दनाक मौत

जोधपुर: व्याख्याता संजू बिश्नोई ने मासूम बेटी संग लगाई आग, दोनों की दर्दनाक मौत – दहेज प्रताड़ना का आरोप, पुलिस जांच में जुटी



जोधपुर जिले के डांगियावास थाना क्षेत्र के सरनाडा गांव में शुक्रवार को घटी दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। यहां 32 वर्षीय स्कूल व्याख्याता संजू बिश्नोई ने अपनी तीन वर्षीय बेटी यशस्वी के साथ खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। इस दिल दहला देने वाली घटना में जहां मासूम बेटी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, वहीं गंभीर रूप से झुलसी संजू ने शनिवार सुबह एमजीएच की बर्न यूनिट में उपचार के दौरान अंतिम सांस ली।

स्कूल से लौटकर घर में लगाई आग

पुलिस के अनुसार, संजू शुक्रवार दोपहर स्कूल से छुट्टी लेकर घर लौटी थी। घर पहुंचने के बाद उसने कुर्सी पर बैठकर खुद और अपनी बेटी पर पेट्रोल डाला और आग लगा ली। देखते ही देखते दोनों आग की लपटों में घिर गईं। उस समय घर में पति और ससुराल वाले मौजूद नहीं थे। जब ग्रामीणों ने घर से धुआं उठता देखा तो अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही परिजन और पुलिस मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक स्थिति बेहद गंभीर हो चुकी थी।

पीहर और ससुराल पक्ष में शव को लेकर विवाद

शनिवार सुबह इलाज के दौरान संजू की भी मौत हो गई। इसके बाद शव को लेकर पीहर और ससुराल पक्ष के बीच विवाद की स्थिति बन गई। अंततः पोस्टमार्टम के बाद शव पीहर पक्ष को सौंपे गए और गमगीन माहौल में मां-बेटी का एक साथ अंतिम संस्कार किया गया।

दहेज प्रताड़ना का आरोप, एफआईआर दर्ज

फिटकासनी निवासी मृतका के परिजनों ने इस घटना को दहेज प्रताड़ना से जोड़ते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं। पीहर पक्ष का कहना है कि संजू के पति दिलीप बिश्नोई, सास और ससुर उसे लगातार दहेज के लिए प्रताड़ित करते थे और इसी वजह से उसने आत्मघाती कदम उठाया। मृतका के पिता ओमाराम बिश्नोई ने दामाद दिलीप, ससुर, सास, ननद लीला (जो पुलिस कांस्टेबल हैं) और गणपत सिंह नामक व्यक्ति के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज करवाया है।

सुसाइड नोट और मोबाइल फोन बरामद

पुलिस ने घटनास्थल से एफएसएल टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए हैं। इस दौरान उन्हें एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें मृतका ने पति दिलीप, सास-ससुर, ननद और गणपत सिंह पर प्रताड़ना का आरोप लगाया है। इसके अलावा पुलिस ने मृतका का मोबाइल फोन भी जब्त किया है, जिसे जांच के लिए भेजा गया है। सूत्रों के अनुसार, मोबाइल से कुछ वीडियो रिकॉर्डिंग भी बरामद हो सकती हैं, जो केस के लिए अहम सबूत साबित होंगी।

जांच में जुटी पुलिस

पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, मृतका ने अपने पति और गणपत सिंह दोनों पर शारीरिक प्रताड़ना का भी आरोप लगाया है। इस मामले की गहनता से जांच की जा रही है। एफआईआर के आधार पर पुलिस ने मृतका के ससुराल पक्ष के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है।

यह घटना न केवल इलाके बल्कि पूरे जोधपुर जिले में चर्चा का विषय बनी हुई है। एक शिक्षिका और उसकी मासूम बेटी की दर्दनाक मौत ने समाज में दहेज प्रथा और पारिवारिक प्रताड़ना जैसे गंभीर मुद्दों को फिर से उजागर कर दिया है।

टिप्पणियाँ

खबर को दोस्तों के साथ साझा करें:


हिमाचल मीडिया से जुड़ें:

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

प्रताप वर्ल्ड स्कूल, इंदौरा में गरबा एवं डांडिया नाइट का भव्य आयोजन

राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भरमाड़ की नई प्रधानाचार्य गगनदीप कौर नै

फतेहपुर के युवा रजत शर्मा ने हासिल की बड़ी उपलब्धि, UPSC संयुक्त भू-वैज्ञानिक परीक्षा में केमिस्ट ग्रुप 'A' में देशभर में प्रथम स्थान

केंद्रीय कर्मचारियों को दीपावली से पहले मिला बड़ा तोहफा

सुनेट में पसरा मातम: हरियाणा में सड़क हादसे ने छीना विधवा मां का इकलौता सहारा

हटली जंबाला पंचायत बनी ‘चिट्टा मुक्त नूरपुर, नशा मुक्त नूरपुर’ अभियान की 16वीं पंचायत

फतेहपुर में अंडर-13 और अंडर-15 बैडमिंटन टूर्नामेंट आयोजित

4.48 ग्राम चिट्टे के साथ 19 वर्षीय युवक गिरफ्तार, शाहपुर थाना क्षेत्र का मामला

नए जिले बनाने हेतु आयोग का गठन, देहरा, नूरपुर, रामपुर का दावा मजबूत

चोरीशुदा वाहन बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार