धमेटा में सजेगा ऐतिहासिक लाबरू से प्रसिद्ध दंगल, 21 मई को गूंजेगी पहलवानों की हुंकार
धमेटा में सजेगा ऐतिहासिक लाबरू से प्रसिद्ध दंगल, 21 मई को गूंजेगी पहलवानों की हुंकार
नूरपुर : विनय महाजन /
पुरानी परंपराओं, मिट्टी की खुशबू और पहलवानी संस्कृति को जीवित रखने वाला ऐतिहासिक लाबरू नाम से प्रसिद्ध दंगल एक बार फिर धमेटा की धरती पर सजने जा रहा है। गांव की एकता, युवाओं के उत्साह और बुजुर्गों की आस्था का प्रतीक बन चुका यह दंगल क्षेत्र में अपनी अलग पहचान रखता है। हर वर्ष की तरह इस बार भी दंगल को लेकर लोगों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है।कमेटी प्रधान अश्बनी राणा ने जानकारी देते हुए बताया कि महादेव दंगल कमेटी धमेटा द्वारा 21 मई को दोपहर 2 बजे विशाल दंगल का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस दंगल में महाराष्ट्र, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश के नामी पहलवान भाग लेकर अपने दांव-पेच और ताकत का प्रदर्शन करेंगे।
उन्होंने बताया कि इस आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में प्रसिद्ध समाजसेवी विपन पठानिया उपस्थित रहेंगे, जबकि विशेष अतिथि के रूप में सेवा निवृत्त आईएएस विकास लाबरू शिरकत करेंगे।प्रधान अश्बनी राणा ने कहा कि दंगल केवल एक खेल नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, परंपरा और भाईचारे का प्रतीक है। वर्षों से यह आयोजन क्षेत्र की पहचान बना हुआ है, जहां हजारों की संख्या में लोग पहुंचकर पहलवानों का उत्साह बढ़ाते हैं।उन्होंने कहा कि गांव के बुजुर्गों का आशीर्वाद और युवाओं की मेहनत ही इस आयोजन की सबसे बड़ी ताकत है। दंगल हमारी आने वाली पीढ़ियों को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने का माध्यम भी बन रहा है।उन्होंने बताया कि दंगल को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं तथा आने वाले श्रद्धालुओं और खेल प्रेमियों के लिए विशेष प्रबंध किए जा रहे हैं ताकि किसी प्रकार की असुविधा न हो।प्रधान अश्बनी राणा ने बताया कि पहले यह मेला 10 जून को आयोजित होता था, लेकिन अब यह हर वर्ष 21 मई को आयोजित किया जाएगा।
अंत में उन्होंने समस्त क्षेत्रवासियों, श्रद्धालुओं और खेल प्रेमियों से अपील करते हुए कहा कि 21 मई को अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस ऐतिहासिक दंगल का हिस्सा बनें और आयोजन को सफल बनाएं

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें