सड़क की बदहाल स्थिति पर फूटा लोगों का गुस्सा, ठेकेदार की गाड़ी रोककर किया प्रदर्शन
सड़क की बदहाल स्थिति पर फूटा लोगों का गुस्सा, ठेकेदार की गाड़ी रोककर किया प्रदर्शन
रिवालसर : अजय सूर्या /
क्षेत्र की जर्जर सड़क को लेकर स्थानीय लोगों का गुस्सा उस समय फूट पड़ा जब ग्रामीणों ने ठेकेदार तीर्थ राम शर्मा की गाड़ी को सड़क पर रोककर घेराव कर दिया। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने साफ कहा कि जब तक ठेकेदार स्वयं मौके पर नहीं पहुंचते, तब तक गाड़ी को नहीं जाने दिया जाएगा।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि पिछले दो दिनों से सड़क निरीक्षण कमेटी के आने की बात कही जा रही थी, लेकिन कमेटी ने कभी भी जनता को अपने निरीक्षण की सूचना नहीं दी। ग्रामीणों ने विभागीय अधिकारियों पर मिलीभगत के आरोप लगाते हुए कहा कि सड़क के बड़े-बड़े गड्ढों में केवल मिट्टी डालकर सड़क को ठीक दर्शाने की रिपोर्ट तैयार कर दी जाती है, जबकि वास्तविक स्थिति बेहद खराब बनी हुई है।
प्रदर्शन में स्थानीय महिला मंडलों सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। लोगों ने कहा कि सड़क की खराब हालत के कारण रोजाना वाहन चालकों और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
बाद में लोक निर्माण विभाग रिवालसर के कनिष्ठ अभियंता भूप सिंह तथा सहायक अभियंता युगल किशोर ने फोन पर प्रदर्शनकारियों को अगले महीने के भीतर सड़क की स्थिति सुधारने का आश्वासन दिया। अधिकारियों के आश्वासन के बाद लोगों ने अपना धरना-प्रदर्शन समाप्त कर दिया।
ग्रामीणों ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द सड़क की मरम्मत नहीं की गई तो भविष्य में आंदोलन और बड़ा रूप ले सकता है, जिसकी पूरी जिम्मेदारी विभाग की होगी। साथ ही लोगों ने कहा कि वे जांच कमेटी के समक्ष भी अपनी समस्याएं विस्तार से रखेंगे।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें