मटकी फोड़ प्रतियोगिता में झारखंड की टीम ने मारी बाज़ी, डॉ. शांडिल ने की अध्यक्षता - Smachar

Header Ads

Breaking News

मटकी फोड़ प्रतियोगिता में झारखंड की टीम ने मारी बाज़ी, डॉ. शांडिल ने की अध्यक्षता

 मटकी फोड़ प्रतियोगिता में झारखंड की टीम ने मारी बाज़ी, डॉ. शांडिल ने की अध्यक्षता


सोलन

जन्माष्टमी पर्व के उपलक्ष्य में सोलन व्यापार मंडल द्वारा आयोजित भव्य जन्माष्टमी महोत्सव एवं मटकी फोड़ प्रतियोगिता में झारखंड की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सैनिक कल्याण मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने की।

महोत्सव में पहुंचने पर डॉ. शांडिल का स्थानीय व्यापार मंडल व नगर निगम के पदाधिकारियों ने स्वागत किया। अपने संबोधन में उन्होंने सभी प्रदेशवासियों को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं और कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं में प्रतिस्पर्धात्मक भावना के साथ-साथ टीम भावना और आत्मविश्वास भी बढ़ाते हैं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि आने वाले वर्षों में यह कार्यक्रम और भव्य रूप लेगा तथा अधिक से अधिक टीमें इसमें हिस्सा लेंगी।

मटकी फोड़ प्रतियोगिता में झारखंड से आई टीम ने बेहतरीन तालमेल और कौशल का परिचय देते हुए जीत दर्ज की। विजेता टीम को व्यापार मंडल की ओर से 51 हज़ार रुपये नकद पुरस्कार प्रदान किया गया। वहीं उपविजेता रही नैना टिक्कर की टीम को 11 हज़ार रुपये की नकद राशि भेंट की गई।

कार्यक्रम के दौरान नगर निगम सोलन की महापौर ऊषा शर्मा, सेवा निवृत्त कर्नल डॉ. संजय शांडिल, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता रमेश ठाकुर, जिला शिकायत निवारण समिति की सदस्य सन्धिरा सिंह, व्यापार मंडल के अध्यक्ष कुशल जेठी, प्रदेश व्यापार कल्याण बोर्ड के सदस्य शोभित बहल, नगर निगम पार्षदगण तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

संपूर्ण आयोजन के दौरान शहरवासियों ने तालियों और जयकारों से प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी ने जन्माष्टमी महोत्सव का भरपूर आनंद लिया।

कोई टिप्पणी नहीं