जनता ही कह रही पनौती है हिमाचल की सुक्खू सरकार : विश्व चक्षु
जनता ही कह रही पनौती है हिमाचल की सुक्खू सरकार : विश्व चक्षु
- राजस्व मंत्री जगत नेगी के बयान पर भाजपा प्रदेश मीडिया सह संयोजक विश्व चक्षु का पलटवार
धर्मशाला
हिमाचल प्रदेश की राजनीति में सत्तारूढ़ कांग्रेस सरकार और विपक्षी भाजपा के बीच शब्दों के तीखे तीर जारी हैं। हाल ही में राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी द्वारा दिए गए एक बयान ने राजनीतिक माहौल को और गरमा दिया है। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा प्रदेश मीडिया सह संयोजक एवं पूर्व मुख्यमंत्री के मीडिया को-ऑर्डिनेटर एडवोकेट विश्व चक्षु ने सुक्खू सरकार पर कड़ा हमला बोला है।
"प्रदेश की असली पनौती है मौजूदा सरकार"
विश्व चक्षु ने आरोप लगाया कि जब से कांग्रेस की सुक्खू सरकार सत्ता में आई है, तभी से प्रदेश में अव्यवस्थाओं और आपदाओं का दौर शुरू हो गया है। उन्होंने कहा कि जनता अब खुलकर कह रही है कि हिमाचल की असली पनौती यही सरकार है।
उन्होंने कहा, "पहले तो पूर्व सरकार द्वारा खोले गए संस्थानों को बंद कर प्रदेशवासियों पर आपदा थोप दी और अब प्राकृतिक आपदाओं के बीच सरकार की नालायकी चरम पर है।"
चक्षु ने कहा कि पूरे प्रदेश की स्थिति चिंताजनक है।
चंडीगढ़–मनाली और पठानकोट–मंडी जैसी प्रमुख सड़कें 18-18 घंटे तक जाम रहती हैं।
कई जगहों पर सड़कों पर आवाजाही ठप है।
टनलों के भीतर लोग रातें गुजारने को विवश हैं।
इसके बावजूद सरकार का कोई मंत्री सड़कों पर उतरकर जनता के बीच नहीं जा रहा है।
"जगत नेगी जैसे मंत्री ही सरकार की दुर्दशा के जिम्मेदार"
भाजपा नेता ने राजस्व एवं बागवानी मंत्री जगत नेगी पर विशेष रूप से निशाना साधते हुए कहा कि ऐसे ही मंत्रियों के कारनामों से सरकार की हालत यह हो गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि नेगी जनता से संवाद करने के बजाय “मुहल्ले की लड़ाई जैसी भाषा” का इस्तेमाल करते हैं।
उन्होंने कहा, "नेगी को जय राम ठाकुर का फोबिया हो गया है। वे विधानसभा की गरिमा भूलकर असभ्य भाषा का प्रयोग करते हैं। यदि यही सिलसिला जारी रहा तो जनता अब काले झंडे ही नहीं, बल्कि जूते भी दिखाएगी। "
"कांग्रेस हर राज्य से हो रही बाहर"
चक्षु ने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी की देशभर में दुर्दशा ऐसे ही नेताओं और मंत्रियों के कारण हो रही है। हिमाचल में भी हालात यही हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर को पनौती कहना न सिर्फ असभ्यता है बल्कि यह कांग्रेस की हताशा और गिरती राजनीतिक संस्कृति का प्रमाण है।
उन्होंने मांग की कि मंत्री जगत नेगी विधानसभा में अपने बयान के लिए जनता और विपक्ष से माफी मांगें। अन्यथा भाजपा हर मंच पर उनका जोरदार विरोध करेगी।
" जनता सब समझ चुकी है"
विश्व चक्षु ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने सत्ता में आने से पहले 10 गारंटियां देकर जनता को ठगा था। लेकिन सत्ता में आने के बाद न तो वे गारंटियां पूरी हुईं और न ही जनता को राहत मिली। उल्टा आज पूरे प्रदेश की दशा–दुर्दशा हो चुकी है।
उन्होंने कहा, "जनता अब भलीभांति समझ चुकी है कि असली पनौती कौन है। हिमाचल की भोली-भाली जनता को धोखा देकर सत्ता हथियाने वाले अब जनता के आक्रोश से नहीं बच पाएंगे।"
भाजपा का चेतावनी भरा ऐलान
भाजपा नेता ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि मंत्री जगत नेगी ने विधानसभा में अपने बयान को लेकर माफी नहीं मांगी तो भाजपा हर जगह उनका तीखा विरोध करेगी। उन्होंने कहा कि सराज और विधानसभा में जैसा विरोध हुआ, वैसा ही विरोध प्रदेशभर में दिखाई देगा।
कोई टिप्पणी नहीं