रिवालसर में फिर उठी पानी की समस्या की आवाज़, उपाध्यक्ष कश्मीर सिंह यादव ने सरकार से मांगा समाधान
रिवालसर में फिर उठी पानी की समस्या की आवाज़, उपाध्यक्ष कश्मीर सिंह यादव ने सरकार से मांगा समाधान
रिवालसर : अजय सूर्या /
नगर पंचायत रिवालसर के उपाध्यक्ष कश्मीर सिंह यादव ने एक बार फिर नगर में बढ़ती पानी की समस्या को लेकर अपनी आवाज बुलंद की है। मीडिया को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम में जल शक्ति विभाग बार-बार पाइपलाइन टूटने का हवाला देकर जिम्मेदारी से बचता रहा, लेकिन अब बरसात बीत जाने के बाद भी स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है।
उन्होंने बताया कि रिवालसर नगर पंचायत क्षेत्र के लोग आज भी पेयजल की भारी किल्लत से जूझ रहे हैं। पानी की आपूर्ति सुचारु न होने से आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
इसके साथ ही उपाध्यक्ष यादव ने कहा कि मंडी-कलखर सड़क के चौड़ीकरण कार्य के कारण रिवालसर के पर्यटन कारोबार को भी गहरा झटका लगा है। लंबे समय से चल रहे इस निर्माण कार्य के चलते यहाँ के होटल व्यवसाय, फास्ट फूड पॉइंट्स और स्थानीय व्यापारियों को आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है।
उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह से आग्रह किया कि इन जनहित से जुड़े मुद्दों का शीघ्र समाधान किया जाए, अन्यथा जनता के सहयोग से धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
इस मौके पर यशपाल ठाकुर और ढमेश्वर ठाकुर भी उपस्थित रहे।


कोई टिप्पणी नहीं