सौहार्दपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुई सर्वदलीय बैठक : पठानियां
सौहार्दपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुई सर्वदलीय बैठक : पठानियां
शिमला : गायत्री गर्ग /
हिमाचल प्रदेश विधानसभा सचिवालय में सोमवार को हुई सर्वदलीय बैठक सौहार्दपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुई। बैठक के उपरांत विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां ने डिजिटल मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि आगामी मानसून सत्र को अविलंब और सुचारू रूप से चलाने के लिए यह बैठक बुलाई गई थी। उन्होंने कहा कि सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों से उन्होंने सदन संचालन में रचनात्मक सहयोग का आग्रह किया है, ताकि सदन का अधिकतम समय जनहित और प्रदेश हित से जुड़े मुद्दों की चर्चा में लगाया जा सके।
जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी पर बल
अध्यक्ष पठानियां ने कहा कि जनता ने अपने प्रतिनिधियों को चुनकर विधान सभा भेजा है, ऐसे में प्रत्येक सदस्य का दायित्व है कि वह जनता की उम्मीदों और आकांक्षाओं पर खरा उतरे। उन्होंने उल्लेख किया कि यह हिमाचल विधानसभा के इतिहास का चौथा बड़ा मानसून सत्र होगा, जिसमें चर्चा और बहस के लिए पर्याप्त समय उपलब्ध है। अब यह जिम्मेदारी माननीय सदस्यों की है कि वे इसका सदुपयोग किस प्रकार करते हैं।
तटस्थता और बराबरी का भरोसा
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि उनका पद पूरी तरह तटस्थ है और उनका दायित्व है कि सदन में सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों को बराबरी का समय मिले। उन्होंने विपक्ष से अपील की कि वह प्रदेश और जनता से संबंधित मुद्दों पर सत्तापक्ष से सार्थक प्रश्न पूछे। साथ ही सरकार की जिम्मेदारी भी है कि वह सभी प्रश्नों के सही, तथ्यात्मक और समयबद्ध उत्तर सदन के पटल पर रखे।
बैठक में रहे शामिल प्रमुख नेता
बैठक में संसदीय कार्य मंत्री हर्षवर्धन चौहान, नेता प्रतिपक्ष जय राम ठाकुर, उपमुख्य सचेतक (हि.प्र. सरकार) केवल सिंह पठानियां तथा भाजपा विधायक दल के मुख्य सचेतक सुखराम चौधरी मौजूद रहे। बैठक में यह सहमति बनी कि सदन के प्रत्येक दिन की कार्यवाही अनुशासित और गंभीर माहौल में चले, ताकि महत्वपूर्ण विषयों पर उपयोगी विमर्श हो सके।
प्राकृतिक आपदा मुख्य मुद्दा
अध्यक्ष पठानियां ने कहा कि इस बार मानसून सत्र का सबसे बड़ा मुद्दा प्रदेश में हाल ही में आई प्राकृतिक आपदाएं होंगी। सर्वदलीय बैठक में भी इस विषय पर गंभीर चर्चा हुई और यह माना गया कि भविष्य में ऐसी परिस्थितियों से निपटने के लिए ठोस नीति और निर्णय लिए जाने जरूरी हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों ही गंभीरता और जिम्मेदारी से इस विषय पर चर्चा करेंगे।
1018 प्रश्न विधानसभा सचिवालय को प्राप्त
पठानियां ने जानकारी दी कि अब तक विधानसभा सचिवालय को माननीय सदस्यों से कुल 1018 प्रश्नों की सूचनाएं प्राप्त हुई हैं। इनमें 815 तारांकित प्रश्न तथा 203 अतारांकित प्रश्न शामिल हैं। इसके अतिरिक्त नियम 62 के तहत 7, नियम 101 के तहत 4 तथा नियम 130 के तहत 8 सूचनाएं मिली हैं। इन सभी को आगामी कार्यवाही हेतु सरकार को भेजा जा चुका है।
पारदर्शिता और सहयोग की अपील
अंत में अध्यक्ष ने सभी सदस्यों से अपील की कि वे आने वाले मानसून सत्र को सार्थक और ऐतिहासिक बनाने के लिए सहयोग दें। उन्होंने कहा कि यह सदन जनता की आवाज है और इसका समय केवल जनहित व प्रदेश हित के मुद्दों पर ही समर्पित होना चाहिए।
कोई टिप्पणी नहीं