स्वतंत्रता दिवस पर कुल्लू के पीज में रोपे देवदार के पौधे - Smachar

Header Ads

Breaking News

स्वतंत्रता दिवस पर कुल्लू के पीज में रोपे देवदार के पौधे

 स्वतंत्रता दिवस पर कुल्लू के पीज में रोपे देवदार के पौधे

प्रोग्राम मैनेजर डॉ. कौशल्या की अगुवाई में हुआ सफल आयोजन


कुल्लू

स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर कुल्लू जिले के पीज क्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण को समर्पित एक सराहनीय पहल देखने को मिली। जाइका वानिकी परियोजना के तहत शुक्रवार को पांच हेक्टेयर भूमि पर बड़े पैमाने पर देवदार के पौधे लगाए गए। इस पौधरोपण अभियान का नेतृत्व प्रोग्राम मैनेजर डॉ. कौशल्या कपूर ने किया।

कार्यक्रम में ग्राम वन विकास समिति पीज, स्वयं सहायता समूह जगजननी और वैष्णों पीज के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की। ग्रामीणों और महिलाओं ने एकजुट होकर पौधों को रोपने के साथ-साथ उनके संरक्षण का भी संकल्प लिया।

विशेष रूप से राजीव गांधी वन संवर्द्धन योजना से जुड़ी महिलाओं की सक्रिय भागीदारी इस आयोजन का प्रमुख आकर्षण रही। महिलाओं ने पौधे रोपकर हरियाली की दिशा में कदम बढ़ाया और भविष्य में इन पौधों की देखभाल का भी संकल्प लिया।

इस अवसर पर एफटीयू को-ऑर्डिनेटर कुल्लू प्रेमला ठाकुर और एफटीयू को-ऑर्डिनेटर भुट्टी शशिभूषण ने भी भाग लिया। उन्होंने पौधरोपण अभियान में शामिल होकर लोगों को पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर जागरूक किया। वहीं, महिला मंडल और स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं ने अपने क्षेत्र को हराभरा बनाए रखने और हरित क्रांति को आगे बढ़ाने की शपथ ली।

डॉ. कौशल्या कपूर ने बताया कि इस तरह के पौधरोपण कार्यक्रम केवल हरित आवरण बढ़ाने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि यह स्थानीय लोगों को पर्यावरण के साथ जोड़ने और उन्हें प्रकृति संरक्षण के प्रति जिम्मेदार बनाने का भी माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि देवदार जैसे पौधे पर्यावरणीय संतुलन और प्राकृतिक सौंदर्य को बनाए रखने में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

गाँव के लोगों ने भी प्रशासन और परियोजना टीम के इस प्रयास का स्वागत किया और आश्वासन दिया कि वे पौधों की देखभाल कर उन्हें हरा-भरा वृक्ष बनाने में अपनी पूरी जिम्मेदारी निभाएंगे।

कोई टिप्पणी नहीं