आज से शुरू होगा विधानसभा का मानसून सत्र, सरकार को घेरेगी विपक्ष
आज से शुरू होगा विधानसभा का मानसून सत्र, सरकार को घेरेगी विपक्ष
शिमला : गायत्री गर्ग
हिमाचल प्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र सोमवार दोपहर 2 बजे से शुरू होगा, जो 2 सितम्बर तक चलेगा। यह 14वीं विधानसभा का नवम और अब तक का चौथा सबसे बड़ा मानसून सत्र होगा, जिसमें कुल 12 बैठकें होंगी।
सत्र से पहले सुबह मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में कांग्रेस विधायक दल की बैठक ओक ओवर में होगी। वहीं रविवार देर शाम नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर की अध्यक्षता में भाजपा विधायक दल की बैठक हुई, जिसमें सत्र के दौरान सरकार को घेरने की रणनीति तैयार की गई।
भाजपा ने सरकार पर आपदा राहत कार्यों में लापरवाही, भाई-भतीजावाद, कर्मचारियों की मांगों की अनदेखी, संस्थानों के स्थानांतरण, भ्रष्टाचार, बढ़ती नशा तस्करी और अवैध खनन जैसे मुद्दों पर असफल रहने का आरोप लगाया है। विधायक रणधीर शर्मा ने कहा कि विपक्ष जनहित से जुड़े हर मुद्दे पर सरकार से जवाब मांगेगा।
इसी बीच जयराम ठाकुर ने सोशल मीडिया पर लिखा कि मुख्यमंत्री सुक्खू ने संस्थानों को इधर-उधर करने का नया रिवाज शुरू किया है। उन्होंने कहा कि सरकार को नए और बेहतर काम करने चाहिए, पहले से स्थापित व्यवस्थाओं को खराब करने से कुछ हासिल नहीं होगा।
सदन में उठेंगे ये मुद्दे
कृषि मंत्री चंद्र कुमार हिमाचल प्रदेश कृषि, उद्यानिकी और वानिकी विश्वविद्यालय संशोधन विधेयक 2024 को वापस लेने का प्रस्ताव रखेंगे।
विधायक लोकेंद्र कुमार राजकीय प्राथमिक पाठशाला डोगरी को डिनोटिफाई करने का मामला नियम 62 के तहत उठाएंगे।
उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया बीपीएल चयन मानदंड में छूट देने की मांग करेंगे।
भारी बारिश से जान-माल व संपत्ति को हुए नुकसान का मुद्दा विधायक चंद्रशेखर, केवल सिंह पठानिया, सुरेश कुमार और नीरज नैय्यर नियम 130 के तहत उठाएंगे।
विधायक जीतराम कटवाल प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए ठोस नीति लाने की मांग करेंगे।
सत्र के हंगामेदार रहने के आसार हैं, क्योंकि विपक्ष आपदा राहत और कानून व्यवस्था से लेकर स्थानांतरण की राजनीति तक सरकार को कटघरे में खड़ा करने की तैयारी में है।
कोई टिप्पणी नहीं