रत्ती में भारी बारिश का कहर, 6 मकानों को खतरा,
रत्ती में भारी बारिश का कहर, 6 मकानों को खतरा,
100 से अधिक लोग रात में घर छोड़ भागे
नेरचौक : अजय सूर्या /
हिमाचल प्रदेश में बारिश का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा। बीती रात जिला मंडी की बल्ह घाटी के रत्ती क्षेत्र में भारी बारिश ने तबाही मचा दी। रात को हुई मूसलाधार बारिश से रत्ती खड्ड में जलस्तर अचानक बढ़ गया, जिससे आसपास के आधा दर्जन से अधिक मकानों को खतरा उत्पन्न हो गया। रात करीब 2 बजे लोगों ने अपनी जान बचाने के लिए घरों से भागकर सुरक्षित स्थानों की ओर रुख किया।
रत्ती बाजार के साथ लगे क्षेत्र में स्थित अमरचंद, विजय कुमार, भूप सिंह, अनिल कुमार और बंशीलाल के मकानों पर सबसे अधिक प्रभाव पड़ा। जलस्तर अत्यधिक बढ़ गया और पानी लोगों के घरों में घुस गया। कई लोगों की कृषि भूमि बह गई तथा घरों में खड़े वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए।
अमरचंद ने बताया कि उनका दो मंजिला घर है जिसमें सात लोग रहते हैं। वहीं विजय कुमार का दो मंजिला घर आठ लोगों का आश्रय है। भूप सिंह के तीन मंजिला घर में 20 से अधिक लोग रहते हैं। अनिल कुमार और बंशीलाल के दो मंजिला मकानों सहित गौशाला भी खतरे में आ गई है। पीड़ितों ने प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है। उन्होंने बताया कि सुरक्षा के लिए लगाए गए डंगे भी बारिश में बह गए हैं, जिससे मकानों को सीधा खतरा है।
तहसीलदार बल्ह सुभाष कुमार ने कहा कि प्रशासन प्रभावित लोगों के संपर्क में है। रत्ती क्षेत्र में छह घरों को तिरपाल मुहैया कराए गए हैं। लोगों को सावधान रहने के लिए कहा गया है। साथ ही नेरचौक और कबाड़ मार्केट का भी दौरा कर स्थिति का जायजा लिया गया है। प्रशासन लोगों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठा रहा है।


कोई टिप्पणी नहीं