18 साल बाद नग्गर में जुटेगी 'देव संसद', माता हिडिम्बा के आदेश पर 31 अक्तूबर को 'बड़ी जगती' का आयोजन - Smachar

Header Ads

Breaking News

18 साल बाद नग्गर में जुटेगी 'देव संसद', माता हिडिम्बा के आदेश पर 31 अक्तूबर को 'बड़ी जगती' का आयोजन

 18 साल बाद नग्गर में जुटेगी 'देव संसद', माता हिडिम्बा के आदेश पर 31 अक्तूबर को 'बड़ी जगती' का आयोजन


मनाली : ओम बौद्ध /

हिमाचल प्रदेश के नग्गर में 18 साल बाद 'देव संसद' का आयोजन होने जा रहा है। कुल्लू की आराध्य देवी माता हिडिम्बा के आदेश पर यह 'बड़ी जगती' 31 अक्तूबर को जगती पट्ट पर बुलाई गई है। इसका उद्देश्य मानव जाति पर मंडराती विपदाओं का निवारण करना है।

इस महासमागम में 300 से अधिक देवी-देवताओं के देवालयों से कारकून (सेवदार) भाग लेंगे। यह आयोजन अंतर्राष्ट्रीय दशहरा उत्सव के दौरान होगा। बुजुर्गों और देवलुओं के अनुसार, जगती पट्ट का स्थान '18 करडू' के रूप में विशेष महत्व रखता है। यह वह स्थल है जहाँ मानव पर बड़ी विपदा आने पर घाटी के सभी देवी-देवता एकत्रित होकर समस्याओं के निवारण के लिए आदेश जारी करते हैं।

माता हिडिम्बा ने स्पष्ट रूप से कहा है कि 'मनुष्य हठधर्मी छोड़ दे, आने वाला समय अच्छा नहीं दिख रहा है।' देवलुओं का मानना है कि अधिकतर 'जगती' महामारी या देवताओं के स्थानों से छेड़छाड़ जैसी गंभीर चिंताओं को लेकर आयोजित की जाती हैं।

वर्तमान में संपूर्ण विश्व विपदाओं से घिरा हुआ है, जिसके चलते देवताओं की शरण में पहुंचकर बचाव की गुहार लगाई गई है। इसी कारण माता हिडिम्बा ने इस 'देव संसद' को बुलाने का आदेश दिया है।

यह उल्लेखनीय है कि हाल ही में 14 जुलाई 2021 को कोरोना महामारी के दौरान भी नग्गर जगती पट्ट में 'देव संसद' का आयोजन हुआ था:

 उस दौरान कोरोना महामारी के कारण सभी देव कार्यों, मेलों और अंतर्राष्ट्रीय कुल्लू दशहरा पर पाबन्दी थी, जिससे देव परंपराओं का पूर्ण निर्वहन नहीं हो पाया था। इस पर देवी-देवताओं में काफी रोष व्याप्त था। अपने गुरों के माध्यम से आदेश दिया था कि वे उस वर्ष कुल्लू दशहरा के लिए प्रस्थान करेंगे। साथ ही कोरोना महामारी को रोकने और अन्य बुरी शक्तियों के खात्मे के लिए ढालपुर मैदान में दशहरा पूर्व काहिका उत्सव होना भी अति आवश्यक बताया गया था।

नग्गर में होने वाला यह आयोजन 18 वर्ष के लंबे अंतराल के बाद हो रहा है। इससे पहले 16 फ़रवरी 2006 की 'देव संसद' में देवताओं ने एकजुट होकर हिमालयन स्की विलेज प्रोजेक्ट को स्थापित न करने का आदेश दिया था। देव आदेश के बाद कंपनी को अपना सारा सामान समेटकर वापस लौटना पड़ा था।

31 अक्तूबर को होने वाली इस 'बड़ी जगती' में, देवी-देवताओं के गुर (देव वाणी बोलने वाले) मानव को आदेश देंगे। इन आदेशों को अमल में लाना अनिवार्य होगा, अन्यथा जो विनाश का तांडव पिछले कुछ सालों में देखने को मिल रहा है, वह निरन्तर जारी रहेगा।

इस देव कारज में, रघुनाथ जी के छड़ीबरदार महेश्वर सिंह और कारदार दानवेंद्र सिंह सभी देव कारकूनों के समक्ष पूछ डालकर समाधान का अनुरोध करेंगे। देवी-देवता कारदार संघ कुल्लू के अध्यक्ष दोत राम ठाकुर ने पुष्टि की है कि जगती में अधिकतर देवी-देवताओं के निशान (घोंडी धौर्च) के साथ गुर, पुजारी और देवताओं के हारियान सम्मिलित होंगे

कोई टिप्पणी नहीं