जेपी नड्डा के नेतृत्व में भाजपा को मिला अभूतपूर्व प्रदेश कार्यालय, केंद्र ने हमेशा हिमाचल का रखा विशेष ध्यान : सुरेश कश्यप
जेपी नड्डा के नेतृत्व में भाजपा को मिला अभूतपूर्व प्रदेश कार्यालय, केंद्र ने हमेशा हिमाचल का रखा विशेष ध्यान : सुरेश कश्यप
मोदी–नड्डा नेतृत्व में बिहार में बंपर जीत, कांग्रेस का तीन साल का कार्यकाल ‘खाओ–पीयो–मौज करो’ सरकार : अनुराग ठाकुर
शिमला : गायत्री गर्ग /
अभिनंदन समारोह को संबोधित करते हुए भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप ने कहा कि भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के सशक्त, दूरदर्शी और प्रभावी नेतृत्व में हिमाचल प्रदेश को एक ऐसा अभूतपूर्व और भव्य भाजपा प्रदेश कार्यालय प्राप्त हुआ है, जो आने वाले दशकों तक संगठनात्मक गतिविधियों का मजबूत केंद्र बनेगा। उन्होंने कहा कि यह कार्यालय केवल एक भवन नहीं, बल्कि हिमाचल में भाजपा की विचारधारा, संगठन की शक्ति और कार्यकर्ताओं के परिश्रम का प्रतीक है।
सुरेश कश्यप ने कहा कि केंद्र में भाजपा की सरकार ने हमेशा हिमाचल प्रदेश का विशेष ध्यान रखा है। चाहे बुनियादी ढांचा हो, स्वास्थ्य सेवाएं हों या विकास से जुड़े अन्य क्षेत्र—केंद्र सरकार ने हिमाचल को हर संभव सहयोग दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने हमेशा केंद्र से हिमाचल को मिली सहायता पर केवल राजनीति की, जबकि वास्तविकता यह है कि प्रदेश के विकास को गति भाजपा सरकारों ने ही दी। कश्यप ने भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के शिमला आगमन पर उनका हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन भी किया।
इस अवसर पर भाजपा के पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में बिहार में ऐतिहासिक और बंपर जीत दर्ज हुई है, जो देशभर में भाजपा की नीतियों और सुशासन पर जनता के भरोसे को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने हिमाचल प्रदेश के विकास में कोई कमी नहीं छोड़ी—विशेष राज्य का दर्जा हो या प्रदेश को चार मेडिकल कॉलेजों की सौगात, यह सब भाजपा सरकार की प्रतिबद्धता का प्रमाण है।
अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश में कांग्रेस का तीन साल का कार्यकाल ‘खाओ, पीयो और मौज करो’ की सरकार बनकर रह गया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन में हिमाचल पर कर्ज का बोझ एक लाख करोड़ रुपये के पार पहुंच चुका है, जिससे प्रदेश की आर्थिक स्थिति गंभीर संकट में है। ठाकुर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस की नीति जनता से खुली लूट की रही है, जिसमें भ्रष्टाचार और अव्यवस्था ही सरकार की पहचान बन गई है।
उन्होंने कहा कि हिमाचल की जनता अब कांग्रेस के इस कुशासन को भली-भांति समझ चुकी है और आने वाले समय में प्रदेश में फिर से भाजपा की सुशासन वाली सरकार स्थापित करने का संकल्प ले चुकी है।


कोई टिप्पणी नहीं