मंडी में सड़क हादसे में 2 सेना के जवानों की मौतः दोस्त की शादी में जा रहे थे, खाई में गिरी कार
मंडी में सड़क हादसे में 2 सेना के जवानों की मौतः दोस्त की शादी में जा रहे थे, खाई में गिरी कार
मंडी : अजय सूर्या /
मंडी जिले में एक सड़क हादसे में सेना के दो जवानों की मौत हो गई। यह दुर्घटना कटौला के पास हुई, जहाँ उनकी कार अनियंत्रित होकर 600 फीट गहरी खाई में गिर गई।
दोनों जवान अपने दोस्त की शादी में शामिल होने जा रहे थे।
जानकारी के अनुसार, 32 वर्षीय नितेश और 32 वर्षीय महेंद्र कुमार अपने दोस्त अमर की शादी के लिए ब्रेगन गांव जा रहे थे। वे मंडी से दो गाड़ियों में निकले थे। हादसा शादी के घर से लगभग डेढ़ किलोमीटर पहले हुआ।
शुक्रवार शाम करीब 6 बजे मंडी से निकलने के बाद, रात 8:15 बजे जब वे दरलोग के पास पहुँचे, तो दूसरी गाड़ी में सवार दोस्तों ने देखा कि उनके पीछे चल रही नितेश और महेंद्र की कार गायब थी।
दोस्तों ने नितेश और महेंद्र को फोन किया, लेकिन किसी ने जवाब नहीं दिया। बाद में एक महिला ने फोन उठाया और बताया कि गाड़ी खाई में गिर गई है और उसे यह फोन वहीं मिला है। सूचना मिलते ही दोस्त वापस लौटे और घटनास्थल पर पहुँचे।
खाई में उतरने पर उन्होंने देखा कि दोनों जवानों के शव गाड़ी से बाहर पड़े थे। उनकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी। मृतक नितेश पुत्र स्वर्गीय सुरेश कुमार टारना हिल, मंडी के निवासी थे और जेएंडके राइफल में तैनात थे। उनके परिवार में 2 साल का बेटा, माता और पत्नी पूजा हैं।
दूसरे मृतक महेंद्र कुमार पुत्र मोती राम गांव दूसरा खाबू, बल्ह, मंडी के निवासी थे। उनके परिवार में 3 साल की बेटी, 6 माह का बेटा, पत्नी और माता-पिता हैं। दोनों एचपी 33 जी 0204 नंबर की किया सोनेट गाड़ी में सवार थे।
पुलिस ने 28 वर्षीय कीर्तिमान पुत्र रामेश्वर, बनियाड़, थुनाग के बयान पर मामला दर्ज किया है। कार चालक नितेश के खिलाफ लापरवाही से गाड़ी चलाने का आरोप लगाया गया है। पुलिस मामले की आगे की कार्रवाई कर रही है। शनिवार सुबह 11 बजे दोनों शवों का जोनल अस्पताल मंडी में पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है।



कोई टिप्पणी नहीं