मोदी युग: स्वर्णिम भारत का उदय — 12 साल में बदली देश की तस्वीर
मोदी युग: स्वर्णिम भारत का उदय — 12 साल में बदली देश की तस्वीर
हिमाचल को मिली विकास की नई पहचान : सुधीर शर्मा
जो 70 साल में नहीं हुआ, वह 12 साल में हुआ — प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व की सराहना
धर्मशाला,
भाजपा के वरिष्ठ नेता, पूर्व मंत्री एवं विधायक सुधीर शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व को भारत के इतिहास का "स्वर्णिम युग" बताते हुए कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश ने विकास, आत्मनिर्भरता और वैश्विक सम्मान के नए आयाम स्थापित किए हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने केवल सरकार नहीं चलाई, बल्कि देशवासियों में आत्मविश्वास, आत्मगौरव और राष्ट्रभक्ति की नई ऊर्जा का संचार किया है। आज भारत विश्व की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनकर वैश्विक मंचों पर मजबूती से अपनी बात रख रहा है।
सुधीर शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में हिमाचल प्रदेश को अभूतपूर्व विकास परियोजनाएं मिली हैं, जिन्होंने प्रदेश की तस्वीर और तकदीर दोनों बदल दी हैं।
उन्होंने कहा कि अटल टनल रोहतांग, एम्स बिलासपुर, आईआईटी मंडी, आईआईएम सिरमौर तथा भानुपल्ली-बिलासपुर रेल लाइन जैसी परियोजनाएं हिमाचल के विकास की नई इबारत लिख रही हैं। वहीं उज्ज्वला योजना ने महिलाओं को धुएं से मुक्ति दिलाई और आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से लाखों परिवारों को स्वास्थ्य सुरक्षा का कवच मिला है।
विधायक सुधीर शर्मा ने कांगड़ा-धर्मशाला क्षेत्र की बड़ी उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि धर्मशाला के ढगवार में बन रहा यूनिटी मॉल व्यापार और पर्यटन को नई ऊंचाई देगा। ढगवार में एनडीबी द्वारा बनाया जा रहा मिल्क प्रोसेसिंग प्लांट हिमाचल के दुग्ध उत्पादकों की आय दोगुनी करेगा। वहीं चैतड़ू का आईटी पार्क हिमाचल के युवाओं को घर-द्वार पर रोजगार देगा और कांगड़ा को "आईटी हब" के रूप में स्थापित करेगा।
विधायक सुधीर शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने साहसिक और ऐतिहासिक निर्णय लेकर देश की एकता एवं अखंडता को नई मजबूती प्रदान की है।
उन्होंने कहा कि धारा 370 हटाकर "एक देश, एक विधान" के संकल्प को साकार किया गया, जबकि श्रीराम मंदिर निर्माण से करोड़ों लोगों की आस्था को सम्मान मिला। सर्जिकल स्ट्राइक और बालाकोट एयर स्ट्राइक का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि आज का भारत आतंकवाद के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई करने में सक्षम और समर्थ है।
सुधीर शर्मा ने कहा कि कोरोना महामारी के कठिन दौर में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने दुनिया का सबसे बड़ा टीकाकरण अभियान सफलतापूर्वक संचालित किया।
उन्होंने कहा कि संकट की घड़ी में भारत ने न केवल अपने नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की, बल्कि वैश्विक स्तर पर भी मानवता की सेवा का उदाहरण प्रस्तुत किया।
भाजपा विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की राजनीति का मूल मंत्र "अंत्योदय" है। जनधन योजना, मुद्रा योजना, स्वच्छ भारत मिशन और डिजिटल इंडिया जैसी योजनाओं ने समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने का कार्य किया है।
उन्होंने कहा कि हिमाचल का किसान, बागवान, सेब उत्पादक, महिला और युवा आज इन योजनाओं का प्रत्यक्ष लाभ प्राप्त कर रहा है।
विधायक सुधीर शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश अब "विकसित भारत @2047" के लक्ष्य की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि भाजपा का संकल्प हिमाचल प्रदेश को ग्रीन स्टेट, पर्यटन की राजधानी और रोजगार एवं निवेश का प्रमुख केंद्र बनाने का है। इसके लिए पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य कर रहा है।
सुधीर शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एक दूरदर्शी और युगांतरकारी नेता हैं, जिनके नेतृत्व में भारत विश्वगुरु बनने की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश की जनता की ओर से वे प्रधानमंत्री मोदी को कोटि-कोटि नमन करते हैं और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए सभी से सहयोग का आह्वान करते हैं।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें