बाल श्रम जागरूकता अभियान आयोजित
बाल श्रम जागरूकता अभियान आयोजित
नूरपुर : विनय महाजन /
राजकीय उच्च विद्यालय नूरपुर, जिला कांगड़ा में बाल श्रम उन्मूलन एवं जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बृजेश पठानिया तथा ओम सरूप ने विद्यार्थियों को बाल श्रम के दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी दी।अपने संबोधन में वक्ताओं ने कहा कि बाल श्रम एक सामाजिक अपराध है जो बच्चों के शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सर्वांगीण विकास के अधिकारों का हनन करता है। उन्होंने बताया कि बाल श्रम देश की प्रगति में बाधक है तथा बच्चों का भविष्य अंधकारमय बनाता है।
कार्यक्रम के दौरान बाल एवं किशोर श्रम (प्रतिषेध एवं विनियमन) अधिनियम, 1986 (संशोधित 2016) सहित विभिन्न नियमों एवं कानूनों पर विस्तार से चर्चा की गई। विद्यार्थियों को बताया गया कि 14 वर्ष से कम आयु के बच्चों को किसी भी प्रकार के रोजगार में लगाना कानूनन अपराध है तथा इसके लिए दंड का प्रावधान है।वक्ताओं ने सभी विद्यार्थियों से बाल श्रम के विरुद्ध जागरूक रहने तथा समाज में इस कुरीति को समाप्त करने में सहयोग देने का आह्वान किया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों के अधिकारों की रक्षा करना तथा शिक्षा के महत्व को बढ़ावा देना था।
अंत में विद्यालय प्रशासन ने सभी वक्ताओं का धन्यवाद किया और विद्यार्थियों से बाल श्रम मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लेने का आग्रह किया।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें