सीटू जिला कमेटी चम्बा द्वारा ढकोग में शहीद हुए तीन युवा मजदूर नेताओं की स्मृति में शहीदी दिवस मनाया गया।
सीटू जिला कमेटी चम्बा द्वारा ढकोग में शहीद हुए तीन युवा मजदूर नेताओं की स्मृति में शहीदी दिवस मनाया गया।
चंबा : जितेन्द्र खन्ना /
इस अवसर पर साथियों ने शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके संघर्षों को याद किया।
ज्ञात हो कि निर्माणाधीन चमेरा चरण-3 पनबिजली परियोजना में मजदूरों को संगठित करने के कार्य में लगे सीटू के चम्बा जिलाध्यक्ष कॉमरेड बाबू राम, कॉमरेड दान सिंह भंडारी तथा कॉमरेड विजय सिंह की 10 जून 2006 को हिन्दुस्तान कंस्ट्रक्शन कंपनी के गुंडों द्वारा निर्मम हत्या कर दी गई थी। 10 जून, रात लगभग आठ बजे इन तीनों साथियों को मौत के घाट उतारने के बाद उनकी लाशों को रावी नदी में फेंक दिया गया था।
कॉमरेड बाबू राम चम्बा, कॉमरेड विजय सिंह सिरमौर तथा कॉमरेड दान सिंह भंडारी नेपाल से संबंधित थे। तीनों ही युवा और जुझारू मजदूर नेता थे। कॉमरेड बाबू राम एक कुशल संगठनकर्ता थे। मजदूर आंदोलन में सक्रिय होने से पहले वे छात्र संगठन एसएफआई के एक समर्पित कार्यकर्ता रहे। वर्ष 2002 में वे 310 मेगावाट की चमेरा चरण-2 पनबिजली परियोजना में सुपरवाइजर के रूप में कार्यरत थे तथा लगभग एक हजार मजदूरों की यूनियन के महासचिव भी रहे।
उन्होंने चमेरा चरण-2 परियोजना में मजदूरों के अधिकारों के लिए संघर्ष करते हुए जेपी कंपनी की दमनकारी नीतियों का डटकर मुकाबला किया। मजदूरों को संगठित करने और नेतृत्व प्रदान करने की उनकी क्षमता से घबराकर कंपनी ने उन पर झूठे आरोप लगाकर उन्हें नौकरी से बर्खास्त कर दिया। इसके बाद वर्ष 2004 में उन्होंने सीटू के पूर्णकालिक कार्यकर्ता के रूप में काम शुरू किया और आगे चलकर सीटू चम्बा के जिलाध्यक्ष बने।
10 जून 2006 को सीटू राज्य पदाधिकारियों की शिमला में बैठक होने के कारण संगठन के प्रमुख नेता प्रदेश कार्यालय में मौजूद थे। इस जघन्य घटना की जानकारी उन्हें 11 जून की सुबह मिली। यह अत्यंत दर्दनाक और स्तब्ध कर देने वाला समाचार था। पूरे प्रदेश में शोक और आक्रोश की लहर दौड़ गई। तत्काल सीटू और हिमाचल किसान सभा के राज्य नेतृत्व ने शिमला से चमेरा की ओर कूच किया और वहां पहुंचकर मजदूरों तथा स्थानीय किसानों को एकजुट करते हुए आंदोलन की कमान संभाली।
शहीद साथियों का बलिदान मजदूर आंदोलन के इतिहास में हमेशा याद रखा जाएगा। सीटू उनके सपनों को साकार करने तथा मजदूर वर्ग के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प दोहराती है। इस मौके पर मुख्य रूप से सीटू जिला अध्यक्ष नरेंद्र कुमार, विपिन शर्मा, सीटू जिला उपाध्यक्ष, सुदेश ठाकुर, सरोज देवी, जिला उपाध्य्क्षा,रीझू राम, हसन, अभिषेक आदि मौजूद रहे।
जारीकर्ता:
सुदेश ठाकुर
सीटू जिला महासचिव
सीटू जिला कमेटी, चम्बा

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें