रिवालसर में भारी वर्षा से सड़कें अवरुद्ध, झील में जमा गाद, कुंतभ्यो झील खतरे के निशान के पार - Smachar

Header Ads

Breaking News

रिवालसर में भारी वर्षा से सड़कें अवरुद्ध, झील में जमा गाद, कुंतभ्यो झील खतरे के निशान के पार

जनजीवन अस्त-व्यस्त: रिवालसर में भारी वर्षा से सड़कें अवरुद्ध, झील में जमा गाद, कुंतभ्यो झील खतरे के निशान के पार 


( रिवालसर: अजय सूर्या )

पिछली रात से रिवालसर उपमंडल में लगातार हो रही भारी वर्षा के कारण जनजीवन बुरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। बारिश के चलते जगह-जगह भूस्खलन होने से कई मुख्य सड़क मार्ग अवरुद्ध हो गए हैं। रिवालसर-मंडी, रिवालसर-कलखर, रिवालसर-दुर्गापुर, रिवालसर-नैना देवी मार्ग बंद हो चुके हैं। प्रशासनिक विभाग के कर्मियों द्वारा कड़ी मशक्कत के बाद कुछ सड़कें यातायात के लिए बहाल की गई हैं, जबकि कई लिंक रोड अभी भी बंद पड़े हैं। विशेष रूप से रिवालसर से कलखर बाया पुराना मार्ग की स्थिति दयनीय बनी हुई है।

वर्षा की इस भीषणता के कारण रिवालसर झील में भारी मात्रा में मिट्टी और गाद का जमाव हो गया है। झील के किनारे लगे बड़े पेड़ गिरकर झील में समा गए हैं, जिससे झील का पानी पूरी तरह से मिट्टी जैसा रंग धारण कर चुका है। यदि वर्षा इसी प्रकार जारी रही तो बड़े पैमाने पर नुकसान की संभावना जताई जा रही है।

इसके अतिरिक्त, सरकी धार क्षेत्र में स्थित कुंतभयो झील का जलस्तर भी खतरे के निशान से ऊपर जाकर पंचमुखी हनुमान जी के चरणों को छूने लगा है। प्रशासन ने जनभागीदारी के साथ सतर्कता बरतने के लिए संबंधित विभागों को अलर्ट पर रखा है।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से शीघ्र राहत कार्य और प्रभावित क्षेत्रों में आपात स्थिति में मदद उपलब्ध कराने की मांग की है। वहीं, प्रशासन लगातार स्थिति का जायजा ले रहा है और प्रभावित क्षेत्रों में राहत व बचाव कार्य जारी हैं।

कोई टिप्पणी नहीं