रणधीर शर्मा का कांग्रेस पर तीखा प्रहार, बोले – “गली-गली कांग्रेस” से “गाली वाली कांग्रेस” बन चुकी है पार्टी - Smachar

Header Ads

Breaking News

रणधीर शर्मा का कांग्रेस पर तीखा प्रहार, बोले – “गली-गली कांग्रेस” से “गाली वाली कांग्रेस” बन चुकी है पार्टी

 रणधीर शर्मा का कांग्रेस पर तीखा प्रहार, बोले – “गली-गली कांग्रेस” से “गाली वाली कांग्रेस” बन चुकी है पार्टी


शिमला। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मीडिया प्रभारी एवं विधायक रणधीर शर्मा ने शनिवार को शिमला स्थित आशियाना में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान कांग्रेस और विशेषकर राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी का असली चेहरा अब जनता के सामने आ चुका है। कभी कांग्रेस का नारा “गली-गली कांग्रेस” हुआ करता था, लेकिन आज वह पार्टी लोगों की नजरों में “गाली वाली कांग्रेस” बन चुकी है।


राहुल गांधी पर निशाना


रणधीर शर्मा ने राहुल गांधी के हालिया बयानों और बिहार यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ की गई अभद्र टिप्पणी की कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी लगातार प्रधानमंत्री को ‘तू’ कहकर संबोधित कर रहे हैं, जो न केवल राजनीतिक शिष्टाचार के विरुद्ध है बल्कि लोकतांत्रिक मर्यादाओं को भी आहत करता है।

उन्होंने कहा कि दरभंगा की सभा में प्रधानमंत्री और उनकी स्वर्गीय माता के बारे में जिस प्रकार की भाषा का प्रयोग किया गया, उसके पीछे राहुल गांधी की सोच और उनके बयानों का असर साफ दिखता है।


लोकतंत्र में संवाद जरूरी – शर्मा


शर्मा ने कहा कि लोकतंत्र में असहमति और विरोध होना स्वाभाविक है, लेकिन उसके लिए भाषा की मर्यादा बनाए रखना अनिवार्य है। उन्होंने सुषमा स्वराज के शब्दों को याद करते हुए कहा – “हम शत्रु नहीं, बल्कि वैचारिक रूप से विरोधी हैं।” मगर कांग्रेस आज इस मर्यादा को भूल चुकी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री और उनकी दिवंगत माता के लिए अशोभनीय भाषा का प्रयोग केवल राजनीतिक विद्वेष का परिणाम है।


संसद में भी टूटी मर्यादा


शर्मा ने कांग्रेस सांसदों के संसद में किए गए व्यवहार पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पूरे राष्ट्र ने देखा कि कांग्रेस के सांसद लोकसभा की वेल में खड़े होकर प्रधानमंत्री के खिलाफ ‘चोर-चोर’ के नारे लगा रहे थे। स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि लोकसभा अध्यक्ष को स्वयं यह कहना पड़ा कि सदन की भाषा और आचरण की मर्यादा पूरी तरह चकनाचूर हो गई है।


“गाली वाली कांग्रेस” का इतिहास


बीजेपी नेता ने कहा कि कांग्रेस द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल कोई नई बात नहीं है। यह परंपरा 2012-13 से ही चली आ रही है। उन्होंने याद दिलाया कि कांग्रेस नेताओं ने उन्हें पहले भी “मौत का सौदागर, नाली का कीड़ा, नीच आदमी, कॉकरोच, वायरस, भस्मासुर, रावण, दुर्योधन” जैसे शब्दों से संबोधित किया था।

उन्होंने कहा कि जो पार्टी खुद को महात्मा गांधी की पार्टी कहती है, वही अब भाषा की मर्यादा तोड़कर गाली-गलौज की राजनीति पर उतर आई है।


बिहार की जनता देगी जवाब


शर्मा ने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि जिस बिहार की धरती ने चाणक्य और भगवान बुद्ध जैसे महान व्यक्तित्व दिए, उसी भूमि पर राहुल गांधी जैसी भाषा बोली जा रही है। लेकिन बिहार की जनता सब देख रही है और समय आने पर उसका जवाब भी देगी।


“भारत संवाद की परंपरा का देश”


बीजेपी विधायक ने अंत में कहा कि भारत सदैव संवाद और शालीनता की परंपरा वाला देश रहा है। यहां असहमति को भी आदरपूर्वक व्यक्त करने की परंपरा है। कांग्रेस और उसके नेता यदि इस परंपरा का पालन नहीं करेंगे, तो जनता उन्हें राजनीतिक मंच से बाहर का रास्ता दिखा देगी।

कोई टिप्पणी नहीं