मुख्यमंत्री के झूठ और कर्मचारियों की अनदेखी पर बरसे भाजपा नेता घनश्याम शर्मा
मुख्यमंत्री के झूठ और कर्मचारियों की अनदेखी पर बरसे भाजपा नेता घनश्याम शर्मा, आत्मनिर्भर भारत को बताया राष्ट्रीय संकल्प
पालमपुर
भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं हिमाचल प्रदेश कर्मचारी कल्याण बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष घनश्याम शर्मा ने प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री पर जमकर निशाना साधते हुए कहा कि आजादी की तरह आत्मनिर्भरता भी हर भारतवासी का संकल्प होना चाहिए। शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का "विकसित भारत" कोई सपना नहीं, बल्कि दूरदर्शी विज़न है, जिसकी नींव आत्मनिर्भर भारत के रूप में रखी जा चुकी है। उन्होंने कहा कि भारत की आत्मा उसकी संस्कृति, कला और परंपराओं में बसती है और "विकास" केवल तकनीकी या आर्थिक उन्नति नहीं, बल्कि सांस्कृतिक चेतना का भी विस्तार है। पीएम मोदी के "वोकल फॉर लोकल" अभियान की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि यह अभियान भारत को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक मजबूत कदम है। मुख्यमंत्री पर तीखा हमला करते हुए शर्मा ने कहा कि विदेश से लौटते ही उन्होंने फिर से झूठ की गठरी खोल दी है। दौरे के कागजों पर स्पष्ट हस्ताक्षर होने के बावजूद वह दावा कर रहे हैं कि दौरा निर्धारित ही नहीं था। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि दौरा निर्धारित नहीं था तो सरकार ने किस दौरे को रद्द किया? हायर ग्रेड पे विवाद पर बात करते हुए शर्मा ने कहा कि 6 सितंबर को जब इस पर चिट्ठी जारी हुई थी, तो मुख्यमंत्री और वित्त मंत्री क्या कर रहे थे? जनविरोध के बाद अधिकारियों पर ठीकरा फोड़ना नाकामी का परिचायक है। जांच को लेकर भी कोई ठोस प्रगति नहीं हुई है।
ओल्ड पेंशन स्कीम (OPS) को लेकर भी उन्होंने कांग्रेस सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि सत्ता पाने के लिए OPS का वादा किया गया था, लेकिन अब उसे न्यू पेंशन स्कीम (NPS) में बदलने की योजना बनाई जा रही है। इससे प्रदेश के कर्मचारियों और पेंशनरों में भारी रोष है, समय पर वेतन और पेंशन तक नहीं मिल रही है। शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री यह तय नहीं कर पा रहे कि किस दिशा में आगे बढ़ना है। ऐसे में प्रदेश में अस्थिरता और अविश्वास का माहौल बन रहा है, जो कर्मचारियों और आम जनता दोनों के लिए चिंता का विषय है।
कोई टिप्पणी नहीं