राजपूत महासभा हमीरपुर ने स्व. वीरभद्र सिंह की प्रतिमा अनावरण पर व्यक्त की प्रसन्नता - Smachar

Header Ads

Breaking News

राजपूत महासभा हमीरपुर ने स्व. वीरभद्र सिंह की प्रतिमा अनावरण पर व्यक्त की प्रसन्नता

 राजपूत महासभा हमीरपुर ने स्व. वीरभद्र सिंह की प्रतिमा अनावरण पर व्यक्त की प्रसन्नता

प्रदेश के विकास और धर्म-संरक्षण में योगदान को दी सच्ची श्रद्धांजलि


हमीरपुर। राजपूत महासभा जिला इकाई हमीरपुर ने सोमवार को एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर प्रदेश वासियों को बधाई देते हुए प्रसन्नता व्यक्त की है कि राजधानी शिमला में हिमाचल प्रदेश के छह बार के पूर्व मुख्यमंत्री स्व. राजा वीरभद्र सिंह की प्रतिमा का स्थापना के बाद विधिवत अनावरण किया गया।


महासभा ने कहा कि यह कदम न केवल प्रदेश के एक महान नेता को श्रद्धांजलि है, बल्कि उनके उस अभूतपूर्व योगदान का सम्मान भी है, जो उन्होंने हिमाचल प्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए दिया।


राजपूत महासभा हमीरपुर ने कहा कि स्व. वीरभद्र सिंह ने न केवल प्रदेश के विकास में अग्रणी भूमिका निभाई, बल्कि समाज की बुराइयों के खिलाफ भी साहसिक कदम उठाए। विशेष रूप से, धर्मांतरण जैसी कुप्रथा को रोकने के लिए बनाए गए कानून को महासभा ने ऐतिहासिक बताया।


संगठन ने यह भी स्मरण किया कि वर्ष 2014 में हिमाचल प्रदेश में राजपूत और ब्राह्मण कल्याण बोर्ड का गठन स्व. वीरभद्र सिंह की दूरदर्शिता और समाज के प्रति उनके अपनत्व का उदाहरण था। इससे दोनों समुदायों में आत्मीयता और सम्मान की भावना को बल मिला।


महासभा ने कहा कि स्व. वीरभद्र सिंह ने दिखाया कि कैसे कोई नेता सर्व समाज के कल्याण के साथ-साथ अपने धर्म और समुदाय के प्रति भी संवेदनशील, सजग और समर्पित रह सकता है।

राजपूत महासभा ने उनके योगदान को हिमाचल की गौरवशाली विरासत बताया और कहा कि आने वाली पीढ़ियाँ उनसे प्रेरणा लेती रहेंगी।

कोई टिप्पणी नहीं