मणिमहेश यात्रा: रेस्क्यू ऑपरेशन संपन्न, हजारों श्रद्धालु सुरक्षित, 17 की दुर्भाग्यपूर्ण मौत
मणिमहेश यात्रा: रेस्क्यू ऑपरेशन संपन्न, हजारों श्रद्धालु सुरक्षित, 17 की दुर्भाग्यपूर्ण मौत
चंबा : जितेन्द्र खन्ना /
हिमाचल प्रदेश की विश्वप्रसिद्ध मणिमहेश यात्रा इस वर्ष प्राकृतिक आपदाओं की गंभीर चुनौती से जूझती रही। भारी बारिश और भूस्खलन के चलते यात्रा को बीच में ही रोकना पड़ा, जिससे हजारों श्रद्धालु विभिन्न स्थानों पर फंस गए। अब प्रशासन द्वारा चलाया गया हेलीकॉप्टर रेस्क्यू ऑपरेशन आधिकारिक रूप से समाप्त हो गया है।
31 अगस्त तक निर्धारित इस यात्रा को मौसम बिगड़ने के कारण समय से पहले रोकना पड़ा था। इस दौरान अनुमानित 15,000 श्रद्धालु डल झील और चंबा के बीच विभिन्न जगहों पर फंसे हुए थे। सड़क मार्ग अवरुद्ध होने के कारण इन यात्रियों को पैदल रास्तों और हेलीकॉप्टर सेवाओं की सहायता से सुरक्षित निकाला गया।
रेस्क्यू ऑपरेशन में भारतीय वायुसेना के चिनूक और एमआई-17 हेलीकॉप्टरों की मदद ली गई। चिनूक हेलीकॉप्टर ने एक ही दिन में 524 यात्रियों और 3 शवों को चंबा पहुंचाया, वहीं एमआई-17 हेलीकॉप्टर ने आज 64 यात्रियों और 2 शवों को सुरक्षित निकाला।
भरमौर में फंसे काफी यात्रियों को हेलीकॉप्टर द्वारा चंबा लाया गया। इसके बाद, हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की करीब 195 बसों के माध्यम से श्रद्धालुओं को पठानकोट, कांगड़ा और अन्य स्थानों तक नि:शुल्क भेजा गया। अब तक कुल 8379 यात्रियों को उनके गंतव्य तक सुरक्षित पहुंचाया जा चुका है।
इस आपातकालीन अभियान में प्रशासन, पुलिस, एनडीआरएफ और स्वयंसेवी संस्थाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही। जगह-जगह लंगर और मेडिकल कैंप लगाए गए, जिससे राहत कार्य को गति मिली।
रेस्क्यू के दौरान कुल 17 श्रद्धालुओं की विभिन्न कारणों से मृत्यु की पुष्टि हुई है। अधिकांश शवों को उनके परिजनों को सौंपा जा चुका है।
कुछ अफवाहों को खारिज करते हुए यात्रियों और मेडिकल स्टाफ ने बताया कि उन्होंने रास्ते में किसी भी तरह की भयावह स्थिति नहीं देखी। "हम कल ही डल झील से नीचे आए हैं। एनडीआरएफ की टीम ने हमें सुरक्षित बाहर निकाला। अफवाहें निराधार थीं," एक यात्री ने बताया।
चंबा के उपायुक्त मुकेश रेप्सवालप्स ने बताया, "हेलीकॉप्टर ऑपरेशन अब बंद कर दिया गया है। हालांकि यदि कोई यात्री अब भी लापता है, तो परिजन हेल्पलाइन नंबर 98166-98166पर संपर्क कर सकते हैं। जरूरत पड़ने पर सर्च ऑपरेशन जारी रहेगा।
कोई टिप्पणी नहीं