ग्राम पंचायत कठियाहूं में किसान गोष्ठी का सफल आयोजन
ग्राम पंचायत कठियाहूं में किसान गोष्ठी का सफल आयोजन
राजीव गांधी प्राकृतिक खेती स्टार्टअप योजना के लाभों पर किसानों को किया जागरूक
नेरचौक : अजय सूर्या /
उपमंडल बल्ह की ग्राम पंचायत कठियाहूं में आत्मा परियोजना मंडी के तत्वावधान में एक दिवसीय किसान गोष्ठी का सफल आयोजन किया गया। इस गोष्ठी में लगभग 200 किसानों ने भाग लिया और प्राकृतिक खेती अपनाने में अपनी रुचि दिखाई।
कार्यक्रम के दौरान उप-परियोजना निदेशक डॉ. हितेन्द्र ठाकुर एवं डॉ. संजय कुमार ठाकुर ने किसानों को राजीव गांधी प्राकृतिक खेती स्टार्टअप योजना के अंतर्गत प्राकृतिक खेती के सिद्धांतों, जैविक घोलों की तैयारी, फसल विविधीकरण तथा मिट्टी के स्वास्थ्य सुधार के महत्व पर विस्तृत जानकारी प्रदान की।
उन्होंने कहा कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य किसानों को प्राकृतिक खेती की तकनीकों, लाभों और सफल प्रयोगों से अवगत कराना है। प्राकृतिक खेती से न केवल मिट्टी की उर्वरता बनी रहती है, बल्कि फसलों की गुणवत्ता और किसानों की आय में भी निरंतर वृद्धि होती है। उन्होंने किसानों से आह्वान किया कि वे देसी हिमाचली बीजों और प्राकृतिक पद्धतियों को अपनाकर प्रदेश को “प्राकृतिक खेती की ओर हिमाचल” अभियान में अग्रणी बनाएं।
इस अवसर पर खंड तकनीकी प्रबंधक बल्ह आरती सिंह एवं सहायक तकनीकी प्रबंधक पूनम कुमारी ने किसानों को प्रेरित करते हुए कहा कि हिमाचल की असली ताकत हमारे देसी बीजों और प्राकृतिक पद्धतियों में निहित है। जब किसान अपनी मिट्टी और बीजों से जुड़ते हैं, तभी खेती आत्मनिर्भर बनती है।
ग्राम पंचायत समिति कठियाहूं तथा दौलत राम को इस आयोजन में सहयोग के लिए धन्यवाद देते हुए आयोजकों ने कहा कि इस तरह की गोष्ठियाँ किसानों के बीच जागरूकता और नवाचार को बढ़ावा देती हैं।
गोष्ठी के अंत में किसानों ने अपने अनुभव साझा किए और प्राकृतिक खेती की दिशा में सक्रिय रूप से आगे बढ़ने का संकल्प लिया।
कोई टिप्पणी नहीं