108–102 एम्बुलेंस कर्मचारियों की दो दिवसीय हड़ताल - Smachar

Header Ads

Breaking News

108–102 एम्बुलेंस कर्मचारियों की दो दिवसीय हड़ताल

 108–102 एम्बुलेंस कर्मचारियों की दो दिवसीय हड़ताल

रैली निकालकर मुख्यमंत्री को उपायुक्त के माध्यम से सौंपा ज्ञापन


चंबा : जितेन्द्र खन्ना /

हिमाचल प्रदेश 108–102 एम्बुलेंस कर्मचारी यूनियन (सीटू से संबद्ध) द्वारा अपनी लंबित मांगों को लेकर दो दिवसीय हड़ताल के तहत आज चंबा में रैली निकाली गई तथा माननीय मुख्यमंत्री को उपायुक्त चंबा के माध्यम से ज्ञापन प्रेषित किया गया।

यूनियन पदाधिकारियों ने बताया कि 108–102 एम्बुलेंस कर्मचारी राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के अंतर्गत मेड्सवान फाउंडेशन के अधीन कार्यरत हैं, लेकिन उन्हें सरकार द्वारा घोषित न्यूनतम वेतन तक का भुगतान नहीं किया जा रहा है। कर्मचारियों से 12 घंटे की ड्यूटी करवाई जाती है, परंतु ओवरटाइम वेतन का भुगतान नहीं किया जाता।

यूनियन ने आरोप लगाया कि हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय, लेबर कोर्ट, सीजेएम कोर्ट शिमला तथा श्रम विभाग के आदेशों के बावजूद पिछले कई वर्षों से कर्मचारियों का शोषण जारी है। जब कर्मचारी यूनियन के माध्यम से अपनी मांगों को उठाते हैं, तो उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता है। यूनियन के सक्रिय पदाधिकारियों के तबादले कर दिए जाते हैं या उन्हें दबाव में त्यागपत्र देने के लिए मजबूर किया जाता है। कई कर्मचारियों को बिना कारण महीनों तक ड्यूटी से बाहर रखा जाता है।

इसके अतिरिक्त कर्मचारियों को नियमों के अनुसार छुट्टियां नहीं दी जातीं तथा EPF और ESI के क्रियान्वयन में भी गंभीर त्रुटियां पाई गई हैं। वेतन संरचना में मूल वेतन अत्यंत कम है और अन्य श्रम कानूनों का भी घोर उल्लंघन किया जा रहा है।

यूनियन की प्रमुख मांगें इस प्रकार हैं—

कर्मचारियों को सरकारी नियमों के अनुसार न्यूनतम वेतन का भुगतान किया जाए।

12 घंटे की ड्यूटी पर नियम अनुसार डबल ओवरटाइम दिया जाए।

सभी वैधानिक छुट्टियां प्रदान की जाएं।

एम्बुलेंस की मेंटेनेंस अवधि के दौरान भी पूर्ण वेतन दिया जाए।

उच्च न्यायालय, लेबर कोर्ट, सीजेएम कोर्ट एवं श्रम विभाग के आदेशों को तुरंत लागू किया जाए।

EPF व ESI में पाई गई त्रुटियों को शीघ्र दुरुस्त किया जाए।

कर्मचारियों के वेतन में प्रतिवर्ष कम से कम 10 प्रतिशत वृद्धि की जाए।

सभी श्रम कानूनों को लागू किया जाए तथा मजदूर विरोधी श्रम संहिता (लेबर कोड) को निरस्त किया जाए।

आज चंबा में एम्बुलेंस कर्मचारी हड़ताल पर रहे, रैली निकाली गई तथा जिला उपायुक्त कार्यालय के बाहर धरना भी दिया गया। जिला प्रशासन के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा गया।

प्रदर्शन को सीटू जिला महासचिव सुदेश ठाकुर, जिला अध्यक्ष नरेंद्र, उपाध्यक्ष विपिन शर्मा, यूनियन अध्यक्ष सुनील कुमार, सचिव अमित, यूनियन नेता याकूब, काकू, रोहित, तिलक, मुमताज, पूजा, कामिनी, शशि, रिशु, खेमराज सहित अन्य वक्ताओं ने संबोधित किया।

यूनियन ने स्पष्ट किया कि यदि मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो हड़ताल व आंदोलन कल भी जारी रहेगा।

कोई टिप्पणी नहीं