आईआईटी मंडी का 14वां दीक्षांत समारोह, 643 विद्यार्थियों को मिली डिग्रियां
आईआईटी मंडी का 14वां दीक्षांत समारोह, 643 विद्यार्थियों को मिली डिग्रियां
मंडी : अजय सूर्या /
भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) मंडी के उत्तर परिसर, कमांड घाटी में शनिवार को 14वें दीक्षांत समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर 63 पीएचडी शोधार्थियों सहित कुल 643 विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान की गईं। इनमें 321 बी.टेक. विद्यार्थी शामिल रहे, जो संस्थान के इतिहास का अब तक का सबसे बड़ा स्नातक बैच है।
समारोह में वेलस्पन वर्ल्ड के संस्थापक बी.के. गोयनका मुख्य अतिथि रहे। जबकि आईआईटी मद्रास के निदेशक प्रो. वी. कामकोटि और आईआईटी दिल्ली के निदेशक प्रो. रंगन बनर्जी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
दीक्षांत समारोह का मुख्य आकर्षण कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग के छात्र वायुन गोयल रहे, जिन्हें भारत के राष्ट्रपति स्वर्ण पदक के साथ-साथ संस्थान स्वर्ण पदक से सम्मानित किया गया। वहीं सुखवंश जैन को निदेशक स्वर्ण पदक प्रदान किया गया।
आईआईटी मंडी के निदेशक प्रो. लक्ष्मीधर बेहरा ने विद्यार्थियों से विकसित भारत-2047 के निर्माण में नवाचार, शोध और तकनीक के माध्यम से योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि संस्थान ने हाल ही में लगभग 100 करोड़ रुपये की बाह्य वित्तपोषित शोध परियोजनाएं प्राप्त की हैं तथा क्वांटम साइंस एंड इंजीनियरिंग सहित कई नए शैक्षणिक कार्यक्रम शुरू किए हैं।
समारोह में विभिन्न स्नातक एवं स्नातकोत्तर कार्यक्रमों के मेधावी विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक, नवाचार पुरस्कार और अन्य सम्मान भी प्रदान किए गए। इस अवसर पर अभिभावकों, संकाय सदस्यों, पूर्व विद्यार्थियों और अतिथियों ने विद्यार्थियों की उपलब्धियों का उत्सव मनाते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें