गुरु अर्जन देव महाराज के 420वें शहीदी दिवस पर प्रदेश के राज्यपाल कविंदर गुप्ता ने किया नवनिर्मित दरबार साहिब का उद्घाटन
गुरु अर्जन देव महाराज के 420वें शहीदी दिवस पर प्रदेश के राज्यपाल कविंदर गुप्ता ने किया नवनिर्मित दरबार साहिब का उद्घाटन
नूरपुर : विनय महाजन /
नूरपुर जिला कांगड़ा क्षेत्र के अंतर्गत गांव कुठंडल स्थित सर्वधर्म पीठ तपोस्थान गुरुद्वारा श्री नानक ज्योत साहिब में आज श्रद्धा, भक्ति और सेवा का अद्भुत संगम देखने को मिला।
धन-धन गुरु अर्जन देव जी के 420वें शहीदी दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित पांच दिवसीय विशाल धार्मिक समागम का शुभारंभ हिमाचल प्रदेश के महामहिम राज्यपाल कविंदर गुप्ता ने किया। गुरबाणी की मधुर स्वर लहरियों, धार्मिक जयघोषों और संगत की भारी उपस्थिति के बीच पूरा क्षेत्र आध्यात्मिक रंग में रंगा नजर आया।समागम के शुभारंभ अवसर पर महामहिम राज्यपाल कविंदर गुप्ता ने नवनिर्मित श्री दरबार साहिब भवन का विधिवत उद्घाटन किया तथा दरबार साहिब में माथा टेककर प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि, शांति एवं भाईचारे की कामना की। इस अवसर पर पूर्व सांसद एवं पूर्व मंत्री डॉ. राजन सुशांत तथा जम्मू-कश्मीर के बिश्नाह विधानसभा क्षेत्र के विधायक अश्विनी शर्मा व युबा नेता अधिवक्ता धैर्य सुशांत भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। गुरुद्वारा प्रबंधन समिति एवं संगत द्वारा अतिथियों का पारंपरिक सम्मान के साथ भव्य स्वागत किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए महामहिम राज्यपाल कविंदर गुप्ता ने कहा कि गुरु अर्जन देव जी का जीवन त्याग, तपस्या, सेवा और मानव कल्याण का अद्वितीय उदाहरण है। उन्होंने कहा कि गुरु साहिबानों द्वारा दिखाया गया मार्ग आज भी समाज को एकता, भाईचारे और मानवता का संदेश देता है। उन्होंने लोगों से गुरु साहिब की शिक्षाओं को अपने जीवन में अपनाकर समाज में प्रेम, सद्भाव और सामाजिक समरसता को मजबूत करने का आह्वान किया।राज्यपाल ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में चल रहे जन-जागरूकता अभियानों की सराहना करते हुए कहा कि नशा आज युवाओं और समाज के लिए सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक बन चुका है। उन्होंने सभी सामाजिक, धार्मिक और राजनीतिक संगठनों से नशा मुक्ति अभियान को जन आंदोलन का रूप देने तथा युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए मिलकर कार्य करने की अपील की।
दरबार के प्रमुख सेवादार संत बाबा लवप्रीत सिंह जी ने बताया कि 18 जून को 108 स्वामी गुरुदीप गिरि जी महाराज (पठानकोट वाले) संगत को अपने अमृतमयी सत्संग एवं प्रवचनों से निहाल करेंगे। 19 जून को श्री अखंड पाठ साहिब की आरंभता होगी।
20 जून को पांच प्यारों की अगुवाई में भव्य शोभा यात्रा पंजासरा, राजा का तालाब से प्रारंभ होकर गुरुद्वारा श्री नानक ज्योत साहिब, कुठंडल पहुंचेगी। शोभा यात्रा को लेकर संगत में विशेष उत्साह और तैयारियां देखने को मिल रही हैं।21 जून को श्री अखंड पाठ साहिब के भोग डाले जाएंगे तथा प्रातः 10 बजे अमृत संचार का आयोजन होगा। इसके उपरांत महान कीर्तन दरबार सजेगा, जिसमें संत बाबा हरजिंद्र सिंह जी (मंझपुर वाले) सहित अनेक संत-महापुरुष एवं प्रसिद्ध रागी जत्थे संगत को गुरबाणी और सत्संग से निहाल करेंगे।समागम के अंतिम दिन निःशुल्क मेडिकल कैंप एवं दवाई वितरण का आयोजन भी किया जाएगा। वहीं पांचों दिनों तक गुरु का अटूट लंगर श्रद्धालुओं की सेवा में समर्पित रहेगा।
इस अवसर पर एसडीएम फतेहपुर विश्रुत भारती, पुलिस अधीक्षक कुलभूषण वर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नूरपुर धर्मचंद वर्मा, डीएसपी ज्वाली बीरी सिंह, जल शक्ति विभाग उपमंडल राजा का तालाब के सहायक अभियन्ता अमित रंधावा, नायब तहसीलदार सुरजीत सिंह गुलेरिया, लोक निर्माण विभाग फतेहपुर के अधिशासी अभियंता विनय मेहरा, सहायक अभियंता अमित कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।समागम में प्रतिदिन श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है तथा पूरा क्षेत्र गुरबाणी, सेवा, श्रद्धा और आध्यात्मिक वातावरण से भक्तिमय बना हुआ है।


टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें