हिलटॉप दुर्गा मंदिर के विकास कार्यों में बरती जाए पूर्ण पारदर्शिता : विधायक मलेंद्र राजन
हिलटॉप दुर्गा मंदिर के विकास कार्यों में बरती जाए पूर्ण पारदर्शिता : विधायक मलेंद्र राजन
नूरपुर : विनय महाजन /
नूरपुर प्रदेश की हिलटॉप दुर्गा मंदिर डमटाल के जनरल हाउस की बैठक मंगलवार को वन विश्राम गृह भदरोया में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता विधायक मलेंद्र राजन ने की।बैठक के प्रारंभ में मंदिर अधिकारियों ने मंदिर की आय-व्यय तथा विभिन्न गतिविधियों का विस्तृत ब्यौरा विधायक को प्रस्तुत किया। इसके बाद मंदिर से जुड़े विभिन्न विकास कार्यों एवं प्रशासनिक विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
विधायक ने निर्देश दिए कि मंदिर में चल रहे तथा प्रस्तावित सभी विकास कार्य पूर्ण पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ किए जाएं। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े इस धार्मिक स्थल के विकास में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जानी चाहिए। उन्होंने मंदिर के समस्त स्टाफ की पुनर्नियुक्ति की प्रक्रिया को शीघ्र पूरा करने के निर्देश भी दिए।इसके अतिरिक्त विधायक ने मंदिर में प्रसाद व्यवस्था को और अधिक सुव्यवस्थित एवं बेहतर बनाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि मंदिर की आय एवं निधि का उपयोग केवल मंदिर के सौंदर्यीकरण, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार तथा मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्र के विकास कार्यों पर ही किया जाएगा। मंदिर की राशि किसी अन्य बाहरी कार्य में खर्च नहीं की जाएगी।इस अवसर पर मंदिर परिसर में वर्ष में कम से कम एक बार भव्य जागरण अथवा भंडारे के आयोजन को लेकर भी चर्चा की गई, ताकि श्रद्धालुओं की सहभागिता बढ़े और धार्मिक गतिविधियों को और अधिक प्रोत्साहन मिल सके।बैठक में डीएफओ संदीप कोहली, एसीएफ निशांत पाराशर, आरओ इंदौरा अब्दुल हमीद सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं मंदिर समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें