मॉनसून के लिए पूरी तरह तैयार रहें विभाग, उससे पहले दें कार्रवाई रिपोर्ट- डॉ. ओपी यादव
मॉनसून के लिए पूरी तरह तैयार रहें विभाग, उससे पहले दें कार्रवाई रिपोर्ट- डॉ. ओपी यादव
एसडीएम ने मानसून की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक में जारी किए दिशा निर्देश
पालमपुर,
पालमपुर उपमंडल के सभी विभाग मानसून से संबंधित तैयारियां समय रहते पूर्ण कर लें। अधिकारी इससे पूर्व कार्रवाई रिपोर्ट एसडीएम कार्यालय में भेजना भी सुनिश्चित करें। एसडीएम पालमपुर ओपी यादव ने यह बात मानसून की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक में कही।
उन्होंने बैठक की अध्यक्षता की।
इस दौरान उन्होंने कहा कि सभी संबंधित विभाग मानसून की तैयारियों के लिए आवश्यक सामग्री और उपकरण पूरी तरह तैयार रखें। उन्होंने किसी भी आपदा के समय त्वरित कार्रवाई पर बल दिया। अधिकारियों को दिशा निर्देश जारी करते हुए उन्होंने कहा कि आपदा से निपटने के लिए महत्वपूर्ण विभाग किसी भी सूरत में कोताही न बरतें।
उन्होंने कहा कि मानसून के दौरान प्रशासन की ओर से नियंत्रण कक्ष स्थापित किया जाएगा। इसका आपातकालीन नम्बर भी सार्वजनिक किया जाएगा ताकि लोग किसी भी आपदा के समय प्रशासन को सूचित कर सकें। उन्होंने पुलिस, अग्निश्मन, गृह रक्षा विभाग को रेस्क्यू से संबंधित पूरी तैयारी रखने के निर्देश दिए।
वन विभाग को संवेदनशील पेड़ों को काटने को कहा गया है। इस संबंध में विभाग के साथ अलग से बैठक का आयोजन भी किया जाएगा ताकि खतरनाक पेड़ काटने या कुछ हिस्से हटाने के मामलों में तेजी लाई जा सके। स्वास्थ्य विभाग को आवश्यक दवाओं का स्टॉक रखने और खाद्य एवं आपूर्ति विभाग को आवश्यक वस्तुओं के भण्डारण को लेकर भी एसडीएम ने अधिकारियों के साथ विचार विमर्श किया। उन्होंने गैस सिलेंडर की आपूर्ति को लेकर फीडबैक भी लिया।
बिजली, जल शक्ति विभाग, लोक निर्माण विभाग को उपकरण, मशीनरी और पेयजल योजनाओं को बहाल करने के लिए त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश जारी किए गए। लोक निर्माण विभाग, खंड विकास कार्यालय और नगर निगम पालमपुर को भी शहर और सड़कों में बंद पड़े ड्रेनेज आदि को खोलने की बात भी कही गई। सड़क आदि बंद होने की स्थिति में लोक निर्माण विभाग को मशीनरी तैयार रखने के दिशा निर्देश इस मौके पर दिए गए।
एसडीएम ने सभी विभागों को आपसी तालमेल से कार्य करने की अपील की। बैठक में नगर निगम के संयुक्त आयुक्त रमेश कुमार सहित पालमपुर उपमंडल के विभिन्न अधिकारी उपस्थित रहे।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें