वर्ल्ड बैंक टीम के समक्ष गूंजी रियूर रोड की बदहाली की आवाज, पूर्व प्रधान दुष्यंत शर्मा ने उठाए जनहित के मुद्दे
वर्ल्ड बैंक टीम के समक्ष गूंजी रियूर रोड की बदहाली की आवाज, पूर्व प्रधान दुष्यंत शर्मा ने उठाए जनहित के मुद्दे
रिवालसर : अजय सूर्या /
बल्ह विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत रियूर रोड की वर्षों पुरानी बदहाल स्थिति और इससे क्षेत्रवासियों को हो रही परेशानियों का मामला अब वर्ल्ड बैंक की टीम के समक्ष मजबूती से उठाया गया है। पूर्व प्रधान दुष्यंत शर्मा ने गांव के लोगों के साथ मिलकर सड़क की जर्जर हालत, यातायात संबंधी समस्याओं और सुरक्षा चिंताओं को टीम के सामने विस्तार से रखा।
दुष्यंत शर्मा ने कहा कि एक जनप्रतिनिधि और पूर्व प्रधान होने के नाते उनका कर्तव्य है कि जनता की आवाज को संबंधित विभागों और अधिकारियों तक पहुंचाया जाए। उन्होंने बताया कि रियूर रोड की खराब स्थिति के कारण स्थानीय लोगों, विद्यार्थियों, किसानों और अन्य वाहन चालकों को रोजाना कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने वर्ल्ड बैंक की टीम को अवगत करवाया कि सड़क की खस्ताहाल स्थिति न केवल लोगों की आवाजाही को प्रभावित कर रही है, बल्कि दुर्घटनाओं का खतरा भी लगातार बना हुआ है। क्षेत्रवासियों ने भी सड़क सुधार की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि यह मार्ग हजारों लोगों की रोजमर्रा की जरूरतों से जुड़ा हुआ है और क्षेत्र के विकास में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका है।
पूर्व प्रधान दुष्यंत शर्मा ने मांग की कि रियूर रोड के सुधार कार्य को प्राथमिकता के आधार पर शुरू किया जाए ताकि लोगों को सुरक्षित, सुगम और बेहतर सड़क सुविधा मिल सके। उन्होंने उम्मीद जताई कि वर्ल्ड बैंक की टीम और संबंधित विभाग इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र सकारात्मक कदम उठाएंगे।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि रियूर रोड केवल एक सड़क नहीं, बल्कि विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार से जुड़ने का प्रमुख माध्यम है। ऐसे में इसका शीघ्र सुधार समय की मांग बन चुका है।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें