24 घंटे में चोरी का खुलासा, निजी क्लीनिक से नकदी उड़ाने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार
24 घंटे में चोरी का खुलासा, निजी क्लीनिक से नकदी उड़ाने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार
मंडी : अजय सूर्या /
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चोरी की एक बड़ी वारदात का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। जोगिंद्रनगर थाना और घट्टा (चौंतड़ा) पुलिस चौकी की संयुक्त टीम ने ऐहजू स्थित एक निजी क्लीनिक का गल्ला तोड़कर नकदी चोरी करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार पपरोला निवासी डॉ. राकेश कुमार शर्मा का ऐहजू में एक निजी क्लीनिक है। उन्होंने शिकायत दर्ज करवाई कि अज्ञात चोरों ने क्लीनिक का गल्ला तोड़कर उसमें रखी करीब 60 से 70 हजार रुपये की नकदी चोरी कर ली।
शिकायत मिलते ही जोगिंद्रनगर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 305 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए विभिन्न सुरागों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई और महज 24 घंटे के भीतर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राहुल उर्फ भीमा, अविनाश उर्फ अव्वू और आदित्य के रूप में हुई है। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 331(3) तथा 3(5) भी जोड़ दी हैं।
पुलिस अब चोरी की गई 60 से 70 हजार रुपये की नकदी की बरामदगी और मामले में अन्य तथ्यों का पता लगाने के लिए तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल करेगी, ताकि उनसे गहन पूछताछ की जा सके।
मंडी के पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस टीम की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई के चलते तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है। उन्होंने कहा कि मामले की गहन जांच जारी है तथा आगामी कानूनी प्रक्रिया नियमानुसार अमल में लाई जा रही है।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें