राजकीय अर्द्ध राजकीय चालक एवं परिचालक महासंघ जिला कुल्लू द्वारा स्वर्गीय उमेश शर्मा की स्मृति में वॉलीबॉल प्रतियोगिता आयोजित
राजकीय अर्द्ध राजकीय चालक एवं परिचालक महासंघ जिला कुल्लू द्वारा स्वर्गीय उमेश शर्मा की स्मृति में वॉलीबॉल प्रतियोगिता आयोजित
कुल्लू : अजय सूर्या /
राजकीय अर्द्ध राजकीय चालक एवं परिचालक महासंघ जिला कुल्लू द्वारा बुधवार को स्वर्गीय उमेश शर्मा मेमोरियल वॉलीबॉल प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। महासंघ के जिला अध्यक्ष तुले राम ने बताया कि स्वर्गीय उमेश शर्मा महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष रहे थे और उनकी स्मृति में पिछले पांच वर्षों से यह प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है।
इस वर्ष आयोजित प्रतियोगिता में जिला कुल्लू की पुरुष एवं महिला वर्ग की विभिन्न टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। महासंघ के महासचिव वेद राम ठाकुर ने बताया कि प्रतियोगिता का शुभारंभ वन विभाग से हाल ही में सेवानिवृत्त चालक त्रिलोक चंद ठाकुर ने किया।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व निदेशक मेरा युवा भारत (पूर्व में NYKS), युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के पूर्व अधिकारी एवं सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. लाल सिंह उपस्थित रहे। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया और आयोजकों के प्रयासों की सराहना की।
महासचिव वेद राम ठाकुर ने बताया कि प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला मोहर सिंह ब्रदर्स लगबेली और अमन ब्रदर्स कुल्लू के बीच खेला गया। रोमांचक मुकाबले में मोहर सिंह ब्रदर्स लगबेली की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ट्रॉफी अपने नाम की।
महासंघ के पदाधिकारियों जगन्नाथ, माधवराव, शिवलाल, चमन लाल, गिरधारी लाल ठाकुर, तुले राम, किशन और दुर्गा दत्त ठाकुर ने सभी खिलाड़ियों, सहयोगियों एवं उपस्थित अतिथियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों के सहयोग से ही प्रतियोगिता का सफल आयोजन संभव हो पाया और भविष्य में भी सभी का इसी प्रकार सहयोग मिलता रहेगा।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन में वन विभाग के टीकम सिंह तथा पुलिस विभाग में कार्यरत अमन का विशेष सहयोग रहा।
अध्यक्ष तुले राम ने कहा कि स्वर्गीय उमेश शर्मा जिला मंडी के सुंदरनगर से संबंध रखते थे और उन्होंने अपने कार्यकाल में चालक-परिचालक महासंघ को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। उन्होंने सरकार के समक्ष कर्मचारियों की मांगों को मजबूती से रखा, जिसके परिणामस्वरूप विशेष वेतन (स्पेशल पे) 300 रुपये से बढ़कर 1000 रुपये तथा वर्दी भत्ता 150 रुपये से बढ़ाकर 300 रुपये किया गया। उनके नेतृत्व में कई अन्य कर्मचारी हितैषी कार्य भी संपन्न हुए।
उन्होंने कहा कि उमेश शर्मा ने पूरे हिमाचल प्रदेश के चालक एवं परिचालक साथियों को एक सूत्र में बांधकर संगठन को मजबूत बनाया, जिसका योगदान आज भी प्रेरणादायी है।
कार्यक्रम को सफल बनाने में मंडी से मोतीराम ठाकुर, चमन, राकेश, सरकाघाट से आर.के. वर्मा, धर्मपुर से पवन तथा ऊना से अध्यक्ष अशरफ सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए चालक साथियों ने महत्वपूर्ण सहयोग दिया।
इस अवसर पर तुले राम, चमन लाल, शिवलाल, जगन्नाथ, वेद राम ठाकुर, गिरधारी लाल ठाकुर, त्रिलोक चंद, दुर्गा दत्त ठाकुर, सुंदर ठाकुर सहित बड़ी संख्या में चालक एवं परिचालक साथी उपस्थित रहे।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें