मौवी सेरी रोड बना गंदगी का अड्डा, प्रशासन बेखबर
मौवी सेरी रोड बना गंदगी का अड्डा, प्रशासन बेखबर
मंडी : अजय सूर्या /
मौवी सेरी रोड पर इन दिनों हालात बेहद खराब हो चुके हैं। लोकनिर्माण विभाग की लापरवाही के चलते सड़क किनारे बनी नालियां पूरी तरह जाम पड़ी हैं, जिसके कारण गंदा और बदबूदार पानी सड़कों पर बह रहा है। इस वजह से न केवल लोगों को आने-जाने में दिक्कत हो रही है, बल्कि क्षेत्र में बीमारी फैलने का खतरा भी बढ़ गया है।
स्थिति की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि सैकड़ों लोग इसी गंदगी के बीच लगे हैंडपंप से पीने का पानी भरने को मजबूर हैं। दूषित वातावरण के कारण खासकर छोटे बच्चों में पीलिया (जॉन्डिस) जैसी बीमारियों का खतरा मंडरा रहा है।
वहीं, आईपीएच विभाग की ओर से जल आपूर्ति भी ठप पड़ी है, जिससे लोगों की परेशानी और बढ़ गई है। पेयजल के लिए कोई वैकल्पिक व्यवस्था न होने के कारण स्थानीय निवासियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय निवासी राकेश कुमार ने इस गंभीर समस्या को उठाते हुए प्रशासन से कई सवाल किए हैं। उन्होंने पूछा कि आखिर नालियों की नियमित सफाई क्यों नहीं हो रही है और सफाई व्यवस्था पूरी तरह ठप क्यों पड़ी है। उन्होंने लोकनिर्माण विभाग और प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द स्थिति को सुधारा जाए।
राकेश कुमार ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो क्षेत्र की जनता सड़कों पर उतरकर आंदोलन करने को मजबूर होगी।
स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से अपील की है कि क्षेत्र में साफ-सफाई और पेयजल की उचित व्यवस्था जल्द सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों को इस परेशानी से राहत मिल सके।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें