नूरपुर मिनी सचिवालय में पार्किंग की नीलामी होगी 30 मार्च को
नूरपुर मिनी सचिवालय में पार्किंग की नीलामी होगी 30 मार्च को
नूरपुर :- विनय महाजन /
नूरपुर एसडीएम अरुण शर्मा ने आज यह जानकारी देते हुए बताया कि मिनी सचिवालय परिसर में वाहन पार्किंग की खुली नीलामी 30 मार्च को प्रातः 11 बजे उनके कार्यालय में गठित कमेटी की उपस्थिति में आयोजित की जाएगी। पार्किंग स्थल का ठेका 1 अप्रैल 2026 से 31 मार्च 2 027 तक की अवधि के लिए दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि नीलामी की बोली 1,20,000 रुपए की न्यूनतम राशि से शुरू होगी। इच्छुक व्यक्ति या ठेकेदार को भाग लेने के लिए 5,000 रुपए की धरोहर राशि किसी भी बैंक द्वारा एसडीएम के नाम जारी डिमांड ड्राफ्ट के रूप में जमा करवानी होगी। असफल बोलीदाताओं को यह राशि नीलामी प्रक्रिया पूरी होने के बाद लौटा दी जाएगी।
एसडीएम के अनुसार सफल बोलीदाता को कुल बोली राशि का 25 प्रतिशत उसी दिन जमा करवाना अनिवार्य होगा। ऐसा न करने पर उसकी धरोहर राशि जब्त कर ली जाएगी और बोली अगले सफल बोलीदाता को आवंटित कर दी जाएगी।उन्होंने बताया कि नीलामी में भाग लेने वाला व्यक्ति हिमाचल प्रदेश का मूल निवासी होना चाहिए। प्रशासन द्वारा पार्किंग शुल्क भी निर्धारित कर दिए गए हैं। इसके तहत दोपहिया वाहनों के लिए 20, 30, 40 रुपए तथा मासिक 500 रुपए शुल्क तय किया गया है, जबकि चौपहिया वाहनों के लिए 30, 40, 50 रुपए और मासिक 700 रुपए शुल्क निर्धारित किया गया है।
इच्छुक व्यक्ति 20 मार्च से 28 मार्च तक साइट का निरीक्षण कर सकते हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सफल बोलीदाता को निर्धारित सभी शर्तों का पालन करना अनिवार्य होगा।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें