पलक बनीं मिस और सचिन बने मिस्टर फेयरवेल, शानदार प्रस्तुतियों से सजा विदाई समारोह
पलक बनीं मिस और सचिन बने मिस्टर फेयरवेल, शानदार प्रस्तुतियों से सजा विदाई समारोह
मंडी : अजय सूर्या /
राजकीय महाविद्यालय लडभड़ोल में सत्र 2025-26 के अंतर्गत बीए और बीकॉम तृतीय वर्ष के विद्यार्थियों के लिए भव्य विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का सफल संचालन और प्रबंधन बीए व बीकॉम प्रथम तथा द्वितीय वर्ष के छात्र-छात्राओं द्वारा किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के कार्यकारी प्राचार्य डॉ. मुनीष ठाकुर ने दीप प्रज्वलित कर किया। जूनियर विद्यार्थियों द्वारा निर्धारित थीम के अनुसार अंतिम वर्ष के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिन्होंने पूरे समारोह में उत्साह और उमंग का माहौल बना दिया।
कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट प्रस्तुतियों के आधार पर विभिन्न खिताब भी प्रदान किए गए। पलक को मिस फेयरवेल और सचिन को मिस्टर फेयरवेल चुना गया। वहीं, कोमल को मिस पर्सनैलिटी और रोहित को मिस्टर पर्सनैलिटी का खिताब मिला। विजेताओं को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।
इस अवसर पर विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए डॉ. मुनीष ठाकुर ने कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए कड़ी मेहनत, अनुशासन और धैर्य अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि किताबी ज्ञान के साथ-साथ मानवीय मूल्यों के प्रति संवेदनशील होना भी जरूरी है।
इस मौके पर महाविद्यालय का समस्त स्टाफ और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे, जिससे समारोह यादगार बन गया।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें