गंगथ में स्टेडियम निर्माण कार्य फिर जोरों पर, गंगथ-रप्पड़ पंचायतों की सीमा को लेकर विवाद
गंगथ में स्टेडियम निर्माण कार्य फिर जोरों पर, गंगथ-रप्पड़ पंचायतों की सीमा को लेकर विवाद
जसूर : राकेश शर्मा /
गंगथ में निर्माणाधीन स्टेडियम को लेकर पिछले कुछ दिनों से चला आ रहा गतिरोध अब खत्म होता नजर आ रहा है और स्टेडियम का निर्माण कार्य फिर से जोर-शोर से शुरू हो गया है। हालांकि, निर्माण स्थल के समीप स्थित एक टीननुमा दुकान और गंगथ व रप्पड़ पंचायतों की सीमा को लेकर विवाद अभी भी चर्चा का विषय बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार स्टेडियम निर्माण स्थल के साथ करीब चार दशक पुरानी एक टीननुमा दुकान को लेकर विवाद सामने आया था। मामला न्यायालय तक पहुंचा, जहां दुकान के मालिक द्वारा राजस्व विभाग से संबंधित मालिकाना हक के दस्तावेज न्यायालय में प्रस्तुत किए गए। न्यायालय ने प्रस्तुत दस्तावेजों को सही पाया।
इसी बीच सोमवार को बस स्टैंड चौगान, जहां गंगथ और रप्पड़ पंचायतों की सीमा लगती है, वहां सरकारी आदेशों के अनुसार राजस्व विभाग के फील्ड कानूनगो राज कुमार तथा दोनों पंचायतों के पटवारियों द्वारा निशानदेही की गई। निशानदेही का उद्देश्य मौके की वास्तविक स्थिति और स्टेडियम निर्माण में आ रही मुख्य रुकावट के कारणों का पता लगाना था।
निशानदेही के दौरान सामने आया कि बस स्टैंड चौगान तथा गांव खड़ोल की भूमि रिकॉर्ड के अनुसार मौके की स्थिति से करीब 22 मीटर गंगथ क्षेत्र के लट्ठे की ओर दर्शाई गई है। वहीं, मौके पर गंगथ पंचायत द्वारा निर्मित दुकानें आदि मौजूद हैं। इस स्थिति के चलते गंगथ और रप्पड़ पंचायतों के बीच करीब 22 मीटर भूमि की सीमा को लेकर विवाद की स्थिति सामने आई है।
राजस्व विभाग के फील्ड कानूनगो राज कुमार ने बताया कि मौके पर जो विवादित स्थिति सामने आई है, उसकी रिपोर्ट तैयार कर उच्च अधिकारियों को भेजी जाएगी।
वहीं, रप्पड़ पंचायत के प्रधान ठाकुर केवल सिंह कलोत्तरा ने कहा कि बंदोबस्त अथवा भू-एकत्रीकरण विभाग द्वारा पूर्व में की गई ओवरलैपिंग संबंधी गलतियों के कारण वर्तमान स्थिति पैदा हुई है, जो सभी के लिए परेशानी का कारण बन रही है। उन्होंने कहा कि इस मामले का उचित समाधान किया जाना आवश्यक है।
दूसरी ओर, स्टेडियम निर्माण कार्य दोबारा शुरू होने से क्षेत्रवासियों में राहत है। मौके पर लोक निर्माण विभाग के कनिष्ठ अभियंता अखिल चौधरी ने ठेकेदार हाफिज खान को निर्माण कार्य को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें