ज्वाली में किसान कार्यशाला, कृषि मंत्री चन्द्र कुमार ने बांटे फसल बीमा दस्तावेज
ज्वाली में किसान कार्यशाला, कृषि मंत्री चन्द्र कुमार ने बांटे फसल बीमा दस्तावेज
( ज्वाली : राजेश कतनौरिया ) किसानों को सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से अवगत करवाने के उद्देश्य से कृषि विभाग द्वारा ज्वाली में एक दिवसीय किसान कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कृषि एवं पशुपालन मंत्री प्रो. चन्द्र कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. राहुल कटोच, अतिरिक्त कृषि निदेशक, धर्मशाला ने की।
इस अवसर पर किसानों को संबोधित करते हुए प्रो. चन्द्र कुमार ने कहा कि खेती के कार्यों को सुगम बनाने के लिए प्रदेश सरकार द्वारा विभिन्न योजनायें चलाई जा रही हैं I उन्होंने कहा कि राज्य व केंद्र प्रायोजित योजनाओं के अंतर्गत जिला काँगड़ा में मार्च महीने तक प्रदेश सरकार द्वारा कृषि विभाग के माध्यम से 1595 लाख रूपये खर्च करने का प्रावधान है I इन योजनाओं के अन्तर्गत जिला काँगड़ा के किसानों को ट्रेक्टर, पॉवर वीडर जैसी कई प्रकार की कृषि मशीनरी, विभिन्न फसलों के बीजों, कीटनाशकों पर अनुदान दिया जा रहा है I
उन्होंने बताया कि हिम कृषि योजना के तहत जिला कांगड़ा में 40 से 70 बीघा क्षेत्रफल वाले 37 क्लस्टर चयनित किए गए हैं। इन क्लस्टरों में किसानों की कृषि संबंधी आवश्यकताओं को समग्र रूप से पूरा किया जा रहा है, ताकि वे लागत घटाकर अधिक लाभ अर्जित कर सकें। इस वर्ष क्लस्टर के किसानों को बोरवेल, सूक्ष्म सिंचाई प्रणाली, केंचुआ खाद इकाइयां, पॉलीटनल, बाड़बंदी एवं स्प्रे पंप जैसी सुविधाएं उपलब्ध करवाने हेतु 171 लाख रुपये व्यय किए जा रहे हैं।
इस अवसर पर उन्होंने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के “मेरी पालिसी मेरे हाथ अभियान” के अंतर्गत ज्वाली के आस पास के 15 अभ्यार्थियों को पालिसी दस्ताबेज बांटे I उन्होंने कहा कि रबी मौसम में जिला काँगड़ा के 28949 किसानों ने अपनी फसल का बीमा करवाया है। यदि प्राकृतिक आपदा के कारण गेहूं की फसल की पैदावार में कमी आती है तो किसानों को हुए नुकसान के अनुरूप मुआवजा प्रदान किया जाएगा। वहीं, फसल पूर्णतः नष्ट होने की स्थिति में 4,800 रुपये प्रति बीघा की दर से मुआवजा दिया जाता है।
इसके अतिरिक्त प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत गेहूं की फसल में हुए नुकसान के लिए दो लाभार्थियों को 81,120 रूपये तथा 32,400 रूपये के डमी चेक भेंट करके सम्मानित किया I उन्होंने बताया कि संबंधित राशि पहले ही लाभार्थियों के खातों में जमा कर दी गई है। डमी चेक प्रतीकात्मक रूप से अन्य किसानों को फसल बीमा कराने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से प्रदान किए गए। कार्यशाला में किसानों को विभिन्न कृषि विषयों पर विस्तृत जानकारी दी गई।
इस अवसर पर एसडीएम नरेंद्र जरियाल,उप कृषि निदेशक डॉ. कुलदीप धीमान, परियोजना निदेशक (आत्मा) डॉ. राज कुमार, विषय विशेषज्ञ डॉ. प्रवीण अत्री, राज्य जैव नियंत्रण प्रयोगशाला की प्रभारी डॉ. अंजू ठाकुर,पशुपालन विभाग से डॉ. सुजय एवं डॉ. संदीप मिश्रा,कांग्रेस प्रवक्ता संसार सिंह संसारी, पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष चैन सिंह गुलेरिया,पंचायती राज प्रकोष्ठ के प्रधान मनमोहन सिंह तथा कांग्रेस नेता अश्विनी चौधरी कार्यक्रम में मौजूद रहे। कार्यशाला में लगभग 200 किसानों ने भाग लिया।


कोई टिप्पणी नहीं