सहकारी क्षेत्र के सुदृढ़ीकरण एवं सतत विकास मॉडल पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
सहकारी क्षेत्र के सुदृढ़ीकरण एवं सतत विकास मॉडल पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
दिनांक 23 जून 2026 को क्षेत्रीय सहकारी प्रबंधन संस्थान (RICM), चंडीगढ़ द्वारा उन्नति एग्री एलाइड एंड मार्केटिंग मल्टीस्टेट कोऑपरेटिव सोसायटी लिमिटेड (UAMMCL), तलवाड़ा के सहयोग से हरसर विशाल कृषि सेवा सहकारी सभा, हरसर, तहसील जवाली, जिला कांगड़ा (हिमाचल प्रदेश) में “सहकारी क्षेत्र के सुदृढ़ीकरण एवं सतत विकास मॉडल” विषय पर एक जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के लगभग 160 सहकारी सदस्यों, किसानों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य हिमाचल प्रदेश में सहकारी आंदोलन को सुदृढ़ बनाना तथा सहकारी संस्थाओं के लिए एक व्यवहारिक एवं सतत विकास मॉडल प्रस्तुत करना था, जिससे सहकारी संस्थाएं आर्थिक रूप से मजबूत होकर ग्रामीण विकास में अधिक प्रभावी भूमिका निभा सकें।
कार्यक्रम के दौरान एनसीसीएफ (NCCF) के शाखा प्रबंधक बी. बी. सिंह ने राष्ट्रीय सहकारी उपभोक्ता महासंघ द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने किसानों, सहकारी समितियों एवं उपभोक्ताओं के हित में चलाई जा रही योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए प्रतिभागियों को इनका अधिकाधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
यूएएमएमसीएल के संस्थापक ज्योति स्वरूप ने अपने संबोधन में संस्था की कार्यप्रणाली, विजन तथा सहकारी समितियों के साथ मिलकर उन्हें सशक्त बनाने हेतु किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने सहकारी आंदोलन को मजबूत करने के लिए “सहकार से समृद्धि”के मंत्र को अपनाने पर बल दिया तथा सहकारी संस्थाओं के बीच आपसी सहयोग और समन्वय को बढ़ावा देने का आह्वान किया।
आरआईसीएम, चंडीगढ़ के निदेशक ने भारत सरकार के सहकारिता मंत्रालय द्वारा सहकारी क्षेत्र के विकास हेतु प्रारंभ की गई विभिन्न पहलों, योजनाओं एवं सुधारात्मक कदमों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मंत्रालय द्वारा सहकारी संस्थाओं को आधुनिक, पारदर्शी, तकनीक-सक्षम एवं आत्मनिर्भर बनाने के लिए अनेक महत्वपूर्ण पहलें की जा रही हैं, जिनका लाभ जमीनी स्तर तक पहुंचाना आवश्यक है।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर हरसर सहकारी सभा के सचिव रणबीर जम्बाल ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि यह एक सुव्यवस्थित एवं अत्यंत उपयोगी कार्यक्रम रहा, जिससे सहकारी क्षेत्र से जुड़े लोगों को नई जानकारी एवं दिशा प्राप्त हुई। उन्होंने सहकारी समिति के कर्मचारियों एवं सदस्यों से ऐसे प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आग्रह किया। उन्होंने यूएएमएमसीएल, आरआईसीएम तथा उपस्थित अधिकारियों का कार्यक्रम हेतु अपना बहुमूल्य समय देने के लिए आभार व्यक्त किया तथा भविष्य में भी इस प्रकार के उपयोगी कार्यक्रम आयोजित किए जाने की अपेक्षा व्यक्त की।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें