नगर परिषद चम्बा को मिला नया नेतृत्व, अध्यक्ष भुवनेश्वरी गुलाटी व उपाध्यक्ष जितेंद्र सूर्या ने ली शपथ
नगर परिषद चम्बा को मिला नया नेतृत्व, अध्यक्ष भुवनेश्वरी गुलाटी व उपाध्यक्ष जितेंद्र सूर्या ने ली शपथ
चंबा : जितेन्द्र खन्ना /
नगर परिषद चम्बा की नवनिर्वाचित अध्यक्ष भुवनेश्वरी गुलाटी और उपाध्यक्ष जितेंद्र सूर्या ने आज विधिवत रूप से अपने पद एवं गोपनीयता की शपथ ग्रहण कर ली है।
बचत भवन चम्बा में आयोजित एक गरिमामयी समारोह के दौरान एसडीएम चम्बा प्रियांशु खाती ने दोनों नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पद की शपथ दिलवाई। इस अवसर पर चम्बा सदर के विधायक नीरज नैय्यर विशेष रूप से उपस्थित रहे, जिन्होंने नए पदाधिकारियों को बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की। समारोह में नगर परिषद के सभी वार्डों के पार्षद और स्थानीय गणमान्य लोग भी मौजूद रहे, जिन्होंने नए नेतृत्व का गर्मजोशी से स्वागत किया। शपथ ग्रहण करने के उपरांत मीडिया को संबोधित करते हुए नवनिर्वाचित अध्यक्ष भुवनेश्वरी गुलाटी ने अपनी प्राथमिकताओं को स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि चम्बा शहर का सर्वांगीण विकास ही उनकी सबसे बड़ी प्राथमिकता होगी। उन्होंने सभी पार्षदों और शहरवासियों को विश्वास दिलाया कि वे दलगत राजनीति से ऊपर उठकर काम करेंगी ताकि विकास का लाभ हर नागरिक तक पहुंचे। अध्यक्ष ने संकल्प दोहराया कि चम्बा की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान को सहेजते हुए शहर में मूलभूत सुविधाओं, जैसे स्वच्छ पेयजल, बेहतर सड़कों, सुदृढ़ सीवेज व्यवस्था और स्वच्छता को एक नई दिशा दी जाएगी। उन्होंने विधायक नीरज नैय्यर और सभी पार्षदों के सहयोग से चम्बा को एक आदर्श और सुंदर नगर परिषद बनाने के लिए पूरी निष्ठा के साथ काम करने का दृढ़ संकल्प व्यक्त किया।


टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें