नूरपुर के निजी स्कूल में सातवीं कक्षा के छात्र की पिटाई का मामला बना चर्चा का विषय
नूरपुर के निजी स्कूल में सातवीं कक्षा के छात्र की पिटाई का मामला बना चर्चा का विषय
नूरपुर : विनय महाजन /
नूरपुर के सदवा क्षेत्र स्थित एक निजी पब्लिक स्कूल में सातवीं कक्षा के एक किशोर छात्र की कथित पिटाई का मामला सामने आया है, जिसने पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना दिया है।
इस संबंध में नूरपुर पुलिस ने शारदा देवी पत्नी महेंद्र पाल, निवासी लुदोडी की शिकायत के आधार पर स्कूल के प्रिंसिपल अयन शर्मा के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार लक्ष्य राणा पुत्र महेंद्र पाल, जो गुरुकुल पब्लिक स्कूल में सातवीं कक्षा का छात्र है, उसके साथ मारपीट किए जाने की शिकायत प्राप्त हुई है।
पुलिस ने मामला भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2) तथा किशोर न्याय अधिनियम की धारा 75 के तहत दर्ज कर लिया है। पीड़ित छात्र का मेडिकल सिविल अस्पताल नूरपुर में करवाया गया है तथा पुलिस ने मामले की आगामी जांच शुरू कर दी है।
आज नूरपुर थाने पहुंचे एक प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधिकारियों से मुलाकात कर मामले में आरोपी के खिलाफ शीघ्र कार्रवाई की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने आरोप लगाया कि पीड़ित परिवार को डराने-धमकाने का प्रयास किया जा रहा है।
वहीं, क्षेत्र के बुद्धिजीवी वर्ग का कहना है कि आमतौर पर निजी स्कूलों में प्रत्येक छात्र को स्कूल डायरी दी जाती है, जिसमें पढ़ाई, होमवर्क या अनुशासन संबंधी जानकारी अभिभावकों तक पहुंचाई जाती है। परिजनों का दावा है कि उनके पास ऐसी कोई डायरी प्रविष्टि उपलब्ध नहीं है, जिसमें स्कूल की ओर से बच्चे की किसी शिकायत या कमी के संबंध में पूर्व सूचना दी गई हो।
इधर, नूरपुर की नई जिला पुलिस अधीक्षक ने हाल ही में अपना कार्यभार संभाला है। अब क्षेत्र की जनता की नजर इस बात पर है कि इस मामले की जांच किस प्रकार आगे बढ़ती है और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाती है।
इस मामले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धर्मचंद वर्मा नूरपुर का कहना है कि मामले की छानबीन जारी है कानून के तहत कार्यवाही की जा रही है उन्होंने इस मामले में नूरपुर थाने को स्पष्ट निर्देश दे दिए हैं कि आरोपी को तुरंत गिरफ्तार किया जाए l पीड़ित किशोर बच्चे का नूरपुर हॉस्पिटल में मेडिकल पुलिस टीम द्वारा करवा दिया गया है और मामला विभिन्न धारा मे दर्ज कर दिया गया है मामले की छानबीन जारी है पीड़ित परिवार ने जो भी शिकायत पत्र में दी है उस पर पुलिस की टीम कार्यवाही कर रही है l
तो वहीं पीड़ित बच्चे के अभिभावक भी आज नूरपुर थाने पहुंचे और उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की कि मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल प्रभाव से सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाए तथा दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार शीघ्र कदम उठाए जाएं।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें