एसएमसी चुनाव संपन्न, बनी भूषण अध्यक्ष व आरती कपूर उपाध्यक्ष चुनी गईं
एसएमसी चुनाव संपन्न, बनी भूषण अध्यक्ष व आरती कपूर उपाध्यक्ष चुनी गईं
चंबा : जितेन्द्र खन्ना /
राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 और समग्र शिक्षा अभियान के प्रावधानों के तहत पीएम श्री राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चम्बा में विद्यालय प्रबंधन समिति के पुनर्गठन हेतु आम सभा का आयोजन किया गया। प्रधानाचार्या रचना ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में अभिभावकों, जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों सहित कुल 70 सदस्यों ने भाग लिया। पूरी चुनाव प्रक्रिया को लोकतांत्रिक और पारदर्शी तरीके से सम्पन्न किया गया, जिसमें सर्वसम्मति से बनी भूषण को नई एसएमसी का अध्यक्ष तथा आरती कपूर को उपाध्यक्ष चुना गया। समिति के शेष कार्यकारी सदस्यों और विभिन्न उप-समितियों का गठन 29 जून 2026 को होने वाली आगामी बैठक में किया जाएगा। बैठक में उपस्थित सदस्यों ने विद्यालय के शैक्षणिक व भौतिक विकास, शत-प्रतिशत उपस्थिति, नशा मुक्त परिसर और पीएम श्री योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए। प्रधानाचार्या रचना ठाकुर ने नवनिर्वाचित सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि विद्यालय को उत्कृष्टता का केंद्र बनाने के लिए शिक्षक, अभिभावक और समुदाय का आपसी समन्वय बेहद जरूरी है। उन्होंने एनईपी के तहत बस्ता रहित शनिवार, कौशल शिक्षा और खेल गतिविधियों के आयोजन पर विशेष बल दिया।
इस मौके पर सी.आर.सी.सी. मुनीश चौणा ने अपने संबोधन में कहा कि एसएमसी का मुख्य उद्देश्य केवल निगरानी रखना नहीं बल्कि सामुदायिक सहभागिता से विद्यालय को एक जीवंत शिक्षण केंद्र बनाना है। इस अवसर पर प्रवक्ता केवल कृष्ण, पवन कुमार, शिक्षा महाजन, वंदना कुमारी, मनीषा नैय्यर सहित विद्यालय का समस्त शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक स्टाफ मौजूद रहा। नवनिर्वाचित अध्यक्ष बनी भूषण और उपाध्यक्ष आरती कपूर ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए विद्यालय के सर्वांगीण विकास और बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दिलाने के लिए अपनी प्रतिबद्धता जताई।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें